मध्य प्रदेश

5 सितंबर को मध्य प्रदेश तैलिक साहू सभा मनाएगी 61वां स्थापना दिवस, शिक्षक सम्मान समारोह के साथ होगा समाज की प्रतिभाओं का सम्मान

भोपाल। मध्य प्रदेश तैलिक साहू सभा के लिए 5 सितंबर 2026 का दिन गौरव और संकल्प का दिन होगा। वर्ष 1965 में स्थापित संगठन इस वर्ष अपना 61वां स्थापना दिवस शिक्षक दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रमों के साथ मनाएगा।
स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी जिलों में शिक्षक सम्मान समारोह, प्रतिभा सम्मान एवं समाज के लिए उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों का सम्मान किया जाएगा।
मध्य प्रदेश तैलिक साहू सभा के मीडिया प्रभारी विवेक साहू ने बताया कि 5 सितंबर को प्रदेश के सभी जिला अध्यक्षों के माध्यम से अपने-अपने जिलों में स्थापना दिवस समारोह आयोजित किए जाएंगे। समारोह में समाज के ऐसे शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देकर समाज और जिले का नाम रोशन किया है। जिन जिलों में इस वर्ष राजकीय अथवा राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक हैं , उन्हें विशेष रूप से आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही शिक्षा एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाली समाज की प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश साहू एवं महासचिव अनिल कुमार साहू अकेला ने बताया कि स्थापना दिवस केवल संगठन के स्थापना वर्ष को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि समाज की एकजुटता, संगठन की उपलब्धियों और समाज के विकास में योगदान देने वाले वरिष्ठजनों एवं प्रतिभाओं के सम्मान का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने सभी जिला अध्यक्षों से स्थापना दिवस कार्यक्रम को गरिमापूर्ण एवं व्यापक रूप से आयोजित करने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में संबंधित जिले के पदाधिकारियों के साथ प्रदेश पदाधिकारी तथा महिला एवं युवा प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों को भी आमंत्रित किया जाएगा। जिला अध्यक्ष शिक्षक प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों के सहयोग से कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार कर आयोजन को सफल बनाएंगे।
सभा के महासचिव अनिल कुमार साहू ‘अकेला’ ने आगे बताया कि समारोह में समाज एवं शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को शाल, श्रीफल, स्मृति चिन्ह एवं अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज की प्रतिभाओं और समाज के लिए समर्पित व्यक्तित्वों को सम्मानित करना संगठन की सकारात्मक सोच और सामाजिक सरोकारों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कोषाध्यक्ष मदनलाल साहू ने बताया कि स्थापना दिवस समारोह में संगठन के मुख्य सलाहकार रामनारायण साहू, प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश साहू, संरक्षक ताराचंद साहू, डॉ. हेमराज साहू, सलाहकार हरिशंकर साहू, कोषाध्यक्ष मदनलाल साहू, युवा अध्यक्ष लोकेश साहू, महिला अध्यक्ष आभा साहू सहित प्रदेश एवं जिला स्तर के अनेक पदाधिकारियों की उल्लेखनीय सहभागिता रहेगी।
मध्य प्रदेश तैलिक साहू सभा के पदाधिकारियों ने कहा कि 61वें स्थापना दिवस के माध्यम से संगठन समाज में शिक्षा, प्रतिभा, एकता और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने का संदेश देगा। प्रदेश के सभी जिलों में होने वाले कार्यक्रमों के माध्यम से समाज की नई पीढ़ी को आगे बढ़ाने वाले शिक्षकों, प्रतिभाओं और समर्पित व्यक्तित्वों को प्रोत्साहित किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button