खबर

पीलीभीत के पांच मजदूरों की मौत: रोजी-रोटी के लिए हरियाणा जा रहे थे सभी, सोनीपत में हुआ भीषण हादसा

हरियाणा में सड़क हादसे में पीलीभीत जिले के पांच लोगों की मौत हो गई। ये लोग मजदूरी करने जा रहे थे। इनका वाहन बृहस्पतिवार तड़के सोनीपत के खरखौदा बस अड्डे के पास हादसे का शिकार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। मृतकों के परिजन हरियाणा के लिए रवाना हो गए।ग्रामीणों के मुताबिक दियोरिया कलां थाना क्षेत्र के गांव बड़ेपुरा कुसुमा से 11 मजदूर और एक चालक समेत 12 लोग लोडर वाहन से हरियाणा में मजदूरी करने के लिए निकले थे। बृहस्पतिवार तड़के करीब चार बजे खरखौदा बस अड्डे के निकट वाहन भीषण हादसे का शिकार हो गया। हादसा इतना जबरदस्त था कि रामनरेश (35), अग्रपाल मौर्य (30), सुशील शर्मा (22) और चालक आरिफ की मौके पर ही मौत हो गई। इलाज के दौरान गंभीर रूप से घायल मेवाराम (40) ने भी दम तोड़ दिया।हादसे में खुशीराम शर्मा (55) , प्रमोद मौर्य (18), संजीव मौर्य (25), पातीराम वर्मा (27), महेंद्र पाल मौर्य (60), हरिशंकर वर्मा (35)और विवेक (20) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए पीजीआई मेडिकल कॉलेज, रोहतक में भर्ती कराया गया है।

केंद्रीय राज्यमंत्री को दी जानकारी, अधिकारियों से की वार्ता
किसान नेता देवस्वरूप पटेल ने खरखौदा थाना प्रभारी अनिल कुमार से दूरभाष पर वार्ता कर हादसे और घायलों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस अधिकारी से घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने का आग्रह किया। हादसे की जानकारी पीलीभीत सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद को भी व्हाट्सएप के माध्यम से दी गई। बताया गया कि केंद्रीय राज्यमंत्री ने हरियाणा के उच्च अधिकारियों से वार्ता कर घायलों के उपचार समेत हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया है।

थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि सभी घायलों का पीजीआई रोहतक में उपचार चल रहा है। गंभीर रूप से घायल मेवाराम की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई है।परिजनों के पहुंचने के बाद होगा पोस्टमार्टम
पुलिस के अनुसार मृतकों के परिजन हरियाणा पहुंच रहे हैं। उनके पहुंचने के बाद पुलिस पंचनामा की कार्रवाई करेगी और इसके बाद मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। परिजन और ग्रामीण उम्मीद लगाए हैं कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जल्द पूरी होने के बाद शव गांव बड़ेपुरा कुसुमा पहुंच सकेंगे। हादसे की खबर पहुंचते ही गांव में मातम पसरा हुआ है और मृतकों के परिवारों में चीख-पुकार मची है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button