श्रीकृष्ण जी के दिव्य गुणों को जीवन में धारण करने का संदेश देकर ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान ने मनाया जन्माष्टमी महोत्सव

ब्रह्माकुमारीज़ ब्लेसिंग हाउस, भोपाल ।
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के ब्रह्माकुमारीज़ ब्लेसिंग हाउस सेवाकेंद्र में श्रीकृष्ण जी के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर जन्माष्टमी महोत्सव श्रद्धा, उमंग और आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं परमात्म स्मृति के साथ हुआ। इस अवसर पर सेवाकेंद्र प्रभारी राजयोगिनी डॉ रीना दीदी ने कहा कि श्रीकृष्ण जी के दिव्य गुणों, उनके आदर्श जीवन, प्रेम, पवित्रता, मर्यादा और जीवन में आध्यात्मिक मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डाला। दीदी ने कहा कि जन्माष्टमी केवल एक पर्व नहीं, बल्कि अपने जीवन में दिव्यता और श्रेष्ठ संस्कारों को जन्म देने का शुभ अवसर है। राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से आत्मिक शक्ति प्राप्त कर हम अपने भीतर प्रेम, शांति, पवित्रता और आनंद जैसे दिव्य गुणों को जागृत कर सकते हैं।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से पधारे श्री प्रताप वारे जी पार्षद, श्री वी.के.एस. परिहार जी म.प्र. इलेक्ट्रिसिटी विभाग, प्रोफेसर डॉ मंडल सुब्रतो जी उबंतू हॉस्पिटल डायरेक्टर ने कहा कि श्रीकृष्ण जी का जीवन हमें यह प्रेरणा देता है कि परिस्थितियाँ कैसी भी हों, जीवन में मुस्कान, प्रेम, मधुरता और सकारात्मकता कभी समाप्त नहीं होनी चाहिए। आज आवश्यकता है कि हम श्रीकृष्ण जी के दिव्य गुणों को अपने जीवन में धारण कर परिवार और समाज को सुख, शांति और प्रेम से भरपूर बनाएं।
इस अवसर पर श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की आकर्षक झांकी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं महारास प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। उपस्थित भाई-बहनों और गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में सहभागिता की।
दीदी ने सभी को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए संदेश दिया कि इस जन्माष्टमी पर हम केवल श्रीकृष्ण जन्मोत्सव ही न मनाएं, बल्कि अपने जीवन में भी प्रेम, पवित्रता, मधुरता और दिव्यता को अपनाएं।
कार्यक्रम के अंत में सभी को माखन मिश्री का भोग खिलाया गया ।




