खबर

तुम मेरे बच्चों की मां हो’: सिया से बोला था चेतन, केतन हत्याकांड में नया खुलासा; चैट में हबी-वाइफी मैसेज मिले

केतन अग्रवाल मर्डर केस में अब सिया और चेतन के बीच हुई चैट को लेकर भी कई अहम जानकारियां सामने आई हैं । केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत में दावा किया है कि दोनों के बीच हुई चैट में वे एक-दूसरे को पति-पत्नी की तरह संबोधित कर रहे थे। चैट में ‘हबी’ और ‘वाइफी’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया था। विशाल के मुताबिक, चेतन ने सिया से यह भी कहा था कि ‘तुम मेरे बच्चों की मां हो।’

विशाल अग्रवाल का दावा है कि केतन को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी और सिया के परिवार के कुछ लोग इस साजिश में उसकी मदद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पुलिस की ओर से दाखिल चार्जशीट में ऐसे कई सबूत और गवाह हैं, जिनसे यह पता चलता है कि केतन की हत्या की साजिश कब और किस तरह रची गई थी और इसकी तैयारी कितने समय से चल रही थी।

केतन के पिता ने यह भी दावा किया कि सिया के एक साथ कई अन्य युवकों के साथ संबंध थे। हालांकि, उन्होंने इसकी कोई निश्चित संख्या नहीं बताई। उनका कहना है कि चार्जशीट में इस मामले से जुड़ी कई चौंकाने वाली जानकारियां सामने आई हैं। विशाल अग्रवाल ने मांग की है कि मामले की सुनवाई फास्ट-ट्रैक कोर्ट में कराई जाए, ताकि उनके बेटे को जल्द न्याय मिल सके।अपने बेटे की मौत से दुखी विशाल अग्रवाल ने न्याय व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, ‘हमारे देश में स्त्री-पुरुष समानता है या नहीं? यह एक बड़ा सवाल है। अगर मेरे बेटे की जगह कोई महिला होती तो उसे अब तक न्याय मिल गया होता। मेरा बेटा पुरुष है, क्या इसीलिए उसे न्याय नहीं मिल रहा है? उसके साथ बहुत बड़ा अन्याय हुआ है। मैं सबसे विनती करता हूं कि सब लोग आगे आएं और मेरे बेटे को न्याय दिलाएं।’


विशाल ने घटना से पहले के दिनों को याद करते हुए बताया कि उनका परिवार सिया के जन्मदिन और आने वाली शादी की तैयारियों में व्यस्त था। सगाई की भव्य तैयारियां चल रही थीं और सिया की पसंद के महंगे गिफ्ट भी खरीदे गए थे। उन्होंने बताया कि केतन ने 19 जून को महाबलेश्वर में सिया के जन्मदिन का खास जश्न मनाने की योजना बनाई थी। उसने अपनी मंगेतर को जन्मदिन का तोहफा देने के लिए अपनी पीठ पर सिया के नाम का टैटू भी बनवाया था।विशाल के मुताबिक, उस समय केतन और परिवार के किसी सदस्य को सिया के  इरादों पर कोई संदेह नहीं था। उनका कहना है कि परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था, लेकिन इसी दौरान ऐसी घटनाएं हुईं, जिनका अंदाजा उन्हें बिल्कुल नहीं था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button