खबरमध्य प्रदेश

एमबीबीएस 2026 बैच के फाउंडेशन कोर्स का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को दिलाई चरक शपथ

भोपाल 06 अक्टूबर 2026. श्याम शाह चिकित्सा महाविद्यालय रीवा में एमबीबीएस 2026 बैच के फाउंडेशन कोर्स का शुभारंभ समारोहपूर्वक किया गया। ​समारोह में मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल द्वारा नवप्रवेशित विद्यार्थियों को चरक शपथ दिलाई गई एवं व्हाइट कोट सेरेमनी संपन्न कराई गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने चिकित्सकीय सेवा, कर्तव्य एवं जिम्मेदारियों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को सेवा, संवेदना, अनुशासन, समर्पण और चिकित्सा नैतिकता को अपने चिकित्सकीय जीवन का आधार बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि चिकित्सा केवल पेशा नहीं, बल्कि मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सकों की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि आज ग्रामीण इलाकों में डॉक्टरों की भारी मांग है। उन्होंने मेडिकल छात्रों को भाग्यशाली बताते हुए कहा कि पढ़ाई पूरी करते ही उन्हें सेवा का अवसर और सम्मानजनक रोजगार मिलता है, जो अन्य पेशों में आसानी से सुलभ नहीं है।
​ उप मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सरकार द्वारा ब्लॉक स्तर तक 65 प्रकार की खून की जांचें और मुफ्त दवाइयाँ उपलब्ध कराई जा रही हैं, लेकिन मुख्य समस्या जागरूकता की कमी है। जब एक डॉक्टर ग्रामीण क्षेत्र में पहुँचता है, तो वहाँ की आशा व एएनएम कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ता है और स्वास्थ्य तंत्र अधिक प्रभावी ढंग से कार्य करने लगता है, क्योंकि समाज में डॉक्टर की बात को बेहद सम्मान और गंभीरता से लिया जाता है। ​रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियों पर चर्चा करते हुए उप मुख्यमंत्री ने अपना अनुभव साझा किया कि उन्होंने 62 वर्ष की आयु में स्वयं रक्तदान कर समाज को यह संदेश दिया था कि रक्तदान करने से शरीर में कोई कमजोरी नहीं आती। अंत में उन्होंने नवप्रवेशित चिकित्सकों से आग्रह किया कि वे अपनी बॉन्ड पोस्टिंग के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में सेवा देकर भारत की वास्तविक स्वास्थ्य समस्याओं को समझें और समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाएं। ​कार्यक्रम की अध्यक्षता अधिष्ठाता डॉ. शशिधर प्रसाद गर्ग ने की एवं अधीक्षक डॉ. प्रियंक शर्मा, एमईयू समन्वयक डॉ. पी.के. लखटाकिया, फाउंडेशन कोर्स समन्वयक डॉ. अरुणा सिंह सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ चिकित्सक, शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में डॉ. अरुणा सिंह ने आभार व्यक्त करते हुए मुख्य अतिथि, अध्यक्ष, सभी विभागाध्यक्षों, चिकित्सकों, शिक्षकों एवं सहयोगी स्टाफ के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button