माता की भक्ति और उल्हास के साथ जमकर थिरके युवा, देर रात तक दिखा उत्साह
गरबे के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित

भोपाल। द योगा हाइव स्टूडियो द्वारा सीहोर रोड स्थित एक गार्डन में आयोजित रंगरसिया गरबा महोत्सव में युवाओं एवं महिलाओं की भागीदारी देखने को मिली। आरती के साथ गरबा रास का आगाज हुआ जो देर रात तक चलता रहा। सुंदर सुंदर गरबा के परिधानों में पार्टीसिपेंट्स गरबा गीतों व डीजे के गानों पर थिरकते हुए नजर आए, विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने पारंपरिक और फ्यूजन गरबे की शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। इस रंगरसिया गरबे को संचालित कर रही डॉ. मोनिका तोलानी ने बताया कि इस आयोजन में स्टूडियो के सदस्यों एवं स्थानीय लोगों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया, पारंपरिक परिधानों चनिया चोली और कुर्ता पजामा से सजे प्रतिभागियों ने माँ दुर्गा की आराधना के साथ डांडिया और गरबा के विभिन्न रंगों का आनंद लिया। डॉ तोलानी ने कहा कि गरबा केवल एक सांस्कृतिक उत्सव ही नहीं बल्कि शरीर को स्वस्थ, लचीला एवं ऊर्जावान बनाये रखने का भी एक माध्यम है। इस दौरान गरबे में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को आकर्षक पुरस्कारों और ट्रॉफियों से सम्मानित किया गया।








