माँ वेत्रवती को बचाने हेतु समिति ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन: जानकी कुण्ड में ही हो मूर्ति विसर्जन

विदिशा (मध्य प्रदेश)। माँ वेत्रवती घाट सुधार सेवा समिति (विदिशा) द्वारा बेतवा (वेत्रवती) नदी के संरक्षण और नगरवासियों की समस्याओं के समाधान हेतु एक महत्वपूर्ण ज्ञापन कलेक्टर महोदय को प्रस्तुत किया गया । इस अवसर पर अध्यक्ष गोवर्धन साहू ,उपाध्यक्ष लायन अरुण कुमार सोनी,संयोजक प्रमोद शर्मा ने कलेक्टर साहब से चर्चा कर की। समिति ने नदी के गिरते जलस्तर और प्रदूषण को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की ।
ज्ञापन की मुख्य मांगें एवं बिंदु:
”जल है तो कल है”: बेत्रवती नदी का जलस्तर लगातार गिर रहा है, जिससे भविष्य में पेयजल संकट गहराने की संभावना है। जल स्रोतों को पुनर्जीवित करने के लिए वर्ष 1996-97 में शुरू की गई ‘बैस संवर्धन योजना’ को गति दी जानी चाहिए।
प्रतिबंधित क्षेत्रों में विसर्जन पर रोक: पिछले 4-5 वर्षों से गणेश और दुर्गा उत्सव की मूर्तियों का विसर्जन रंगई घाटों पर किया जा रहा है। हेमामालिनी डैम क्षेत्र, जहाँ से नगर को पेयजल की आपूर्ति होती है, वहाँ पी.ओ.पी. (POP) की मूर्तियों के विसर्जन से पानी प्रदूषित हो रहा है। इससे इंसानों, पशु-पक्षियों और जलीय जीवों के स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है।
जानकी कुण्ड का पक्कीकरण और सौंदर्यीकरण: समिति ने मांग की है कि सभी मूर्तियों का विसर्जन अनिवार्य रूप से जानकी कुण्ड में ही कराया जाए। जानकी कुण्ड को पक्का बनाया जाए तथा वहाँ गार्डन विकसित किया जाए। पूर्व में तत्कालीन कलेक्टर श्री पंकज जी जैन द्वारा इस कार्य के लिए 2 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की जा चुकी है।
झांकियों का आकार एवं विद्युत सुरक्षा: झांकियों का आकार सीमित रखा जाए ताकि आवागमन बाधित न हो और ऊपर से गुजर रहे विद्युत तारों से दुर्घटना से बचाव हो सके।
यातायात व्यवस्था (वन-वे कार्य): करपात्री चौक, खाई रोड से जय स्तंभ पार्क, खाई रोड, तोपपुरा तक का मार्ग शीघ्र वन-वे (One-Way) घोषित कर कार्य प्रारंभ कराया जाए।
समिति की अपील:
ज्ञापन में उल्लेखित सभी जनहित के कार्यों को अतिशीघ्र गति प्रदान करने की मांग की गई है।
यह जानकारी माँ वेत्रवती घाट सुधार सेवा समिति के संस्थापक अध्यक्ष गोवर्धन साहू, अध्यक्ष महेश मिंटू साहू, उपाध्यक्ष अरूण सोनी,भूरा भाई, गजेन्द्र सिंह रघुवंशी, ओमप्रकाश कुशवाहा, राजेन्द्र सिंह राजपूत, आकाश चौरसिया एवं संयोजक प्रमोद शर्मा द्वारा दी गई।



