
रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ की बीएमडब्ल्यू कार पर सात राउंड गोलियां चलाई गईं, लेकिन वे बाल-बाल बच गए और उन्हें कोई चोट नहीं आई। उनके पिता, जैकी श्रॉफ ने अपने बेटे की हालत के बारे में जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि एक्टर फिलहाल ठीक हैं। उनके साथ के कई एक्टर्स ने भी कहा है कि टाइगर सेफ हैं। ये घटना कैसे, कब, कहां हुई, इससे जुड़ी सारी जानकारी विस्तार से देते हैं। जैकी श्रॉफ की टीम ने कहा, ‘टाइगर ठीक हैं।’ यह गोलीबारी पुष्पा पार्क के पास हुई, जो जुहू पुलिस स्टेशन के इलाके में आता है। पुलिस ने बताया कि एक्टर का ड्राइवर और वहां मौजूद एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। डीसीपी मोहित गर्ग ने पुष्टि की कि टाइगर सुरक्षित हैं और उन्हें गोली नहीं लगी है। मुंबई पुलिस ने एक बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू किया है और इलाके के सीसीटीवी फुटेज की मदद से हमलावरों का पता लगाने के लिए 12 विशेष टीमें बनाई हैं।
7 राउंड फायरिंग, संदिग्ध हिरासत में
पुलिस ने ये भी बताया कि सफेद शर्ट पहने तीन हमलावर SV रोड और विले पार्ले रेलवे स्टेशन की तरफ भाग गए। एक्टर की कार पर सात राउंड फायरिंग की गई, जो जुहू पुलिस स्टेशन और जुहू के पुष्पा पार्क से 350 मीटर दूर थी। पुलिस का दावा है कि एक संदिग्ध को हिरासत में भी लिया गया है।
फुटबॉल खेलने गए थे टाइगर श्रॉफ
गोलीबारी की घटना के समय का एक चौंकाने वाला वीडियो भी सामने आया है और सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है। वीडियो में टाइगर श्रॉफ की लग्जरी कार को उस मैदान से बाहर निकलते हुए देखा जा सकता है, जहां वे फुटबॉल खेलने गए थे। इसी दौरान कम से कम पांच गोलियां चलने की आवाज सुनाई देती है। अचानक हुई इस गोलीबारी से अफरा-तफरी मच जाती है और लोग वहां से दूर भागते हुए दिखाई देते हैं।
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग का वीडियो वायरल
गोलीबारी की खबर फैलने के साथ ही यह वीडियो ऑनलाइन चर्चा का विषय बन गया है। वीडियो में टाइगर की गाड़ी निकल रही है और सामने से सफेद शर्ट में एक लड़का आता है और दनादन गोलियां चलाना शुरू कर देता है। लोगों की भीड़ वहां इकट्ठा हो जाती है। मुंबई पुलिस इस घटना की जांच कर रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके और गोलीबारी के पीछे के मकसद का पता लगाया जा सके।
शुरू से अंत तक क्या हुआ?
टाइगर श्रॉफ से जुड़ी गोलीबारी की घटना पर, ‘एक चश्मदीद ने बताया, हम अपने व्लॉग बना रहे थे। वहां हजारों व्लॉगर मौजूद थे जो व्लॉग बना रहे थे… पास ही एक पार्टी चल रही थी, जिसमें काफी शोर-शराबा था क्योंकि वे लोग जन्मदिन मना रहे थे। पार्टी में शामिल सभी लोग जन्मदिन मनाने के लिए अंदर चले गए, जहां उन्होंने खाना-पीना किया। इसके बाद, वे लोग कार में बैठे और सड़क पर निकल गए… उस लड़के के बारे में तो मैं बता भी नहीं सकता, मच्छर जैसा दुबला-पतला, देखने में बहुत गरीब, जैसे कोई फुटपाथ पर रहने वाला हो। वह आया और उसने गोलियां चलानी शुरू कर दीं। सबको लगा कि शायद कोई दिवाली के पटाखे फोड़ रहा है। लेकिन तभी टाइगर की कार रुकी, और वह दर्द से कराहते हुए बाहर निकले। वहां खून का एक बड़ा धब्बा बन गया, जो अभी भी वहीं मौजूद है।’
ड्राइवर को लेकर अस्पताल पहुंचे टाइगर
पुलिस ने बताया कि ड्राइवर के जख्मी होते ही टाइगर सीट बदलकर स्टीयरिंग पर आ गए और खुद और घायल ड्राइवर फिरदौस को लेकर नानावती अस्पताल पहुंचे। टाइगर को हल्की चोट आई है, ग्लास टूटने से उनके हाथ पर चोट लगी है, फिलहाल वह सेफ हैं। पुलिस के मुताबिक, टाइगर को पिछले साल 25 अप्रैल को भी धमकी मिली थी। हालांकि, पुलिस उसमें पंजाब से एक को अरेस्ट किया गया था।
अनिल पंडित ने ली गोलीबारी की जिम्मेदारी
विदेश में बैठे गैंगस्टर अनिल पंडित और हरमन संधू ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से किए गए एक सोशल मीडिया पोस्ट में इस घटना की जिम्मेदारी ली है। इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। अपने फेसबुक पोस्ट में उन्होंने आरोप लगाया कि टाइगर को इसलिए निशाना बनाया गया क्योंकि उन्होंने अभिनेता सलमान खान के साथ काम न करने की पिछली चेतावनियों को नजरअंदाज कर दिया था।
देवेंद्र फडणवीस ने दिए जांच के निर्देश
उसने चेतावनी देते हुए कहा, ‘जो कोई भी हमारी बात नहीं मानेगा, अगला नंबर उसी का होगा, बस इंतजार करें और देखें।’ इस दावे की भी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद सांस्कृतिक मामलों के मंत्री आशीष शेलार ने टाइगर श्रॉफ के परिवार से बात की। महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने भी पुलिस को जांच के सख्त निर्देश दिए हैं और पुलिस अभी भी पूरी घटनाक्रम की जांच कर रही है।




