झांसी: उत्तर प्रदेश के झांसी में सीएडब्ल्यू (एफटीसी) कोर्ट ने शनिवार को बॉलीवुड एक्ट्रेस राखी सावंत के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कर दिया है. उन पर 16 साल पहले ‘राखी का इंसाफ’ शो में झांसी के लक्ष्मण अहिरवार (24) को नपुंसक कहकर अपमानित करने का आरोप है. जिसके सदमे में आकर युवक की मौत हो गई थी. मां की शिकायत पर आत्महत्या के लिए उकसाने, षड़यंत्र में शामिल होने समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया था. समन पर राखी कोर्ट में पेश नहीं हो रही थीं. अब कोर्ट ने गैर-जमानती वारंट जारी किया है. अगली सुनवाई एक दिसंबर को होगी.
क्या था पूरा मामला?
झांसी के प्रेमनगर थाने के अंतर्गत टोरिया मोहल्ले में रहने वाले 24 साल के लक्ष्मण अहिरवार ठेले पर सब्जी बेचते थे. उसकी शादी राजगढ़ निवासी अनीता से 19 फरवरी 2010 को हुई थी. शादी के कुछ समय बाद पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर अनबन हो गई. इसके बाद अनीता अपने मायके में रहने लगी.
अनीता ने आरोप लगाया कि पति के एक रिश्तेदार की बुरी नीयत थी. इसकी शिकायत पति से की थी, लेकिन लक्ष्मण ने ध्यान नहीं दिया. लक्ष्मण भी शराब पीकर आए दिन मारपीट करता है. इसी कारण से वह मायके आ गई.
शादी के महज 7 महीनों में हुए विवाद का मामला सुर्खियां बन गया. तब 2010 में ‘राखी का इंसाफ’ शो आता था. इसमें लक्ष्मण अहिरवार और उसकी पत्नी अनीता को बुलाया गया.
राखी ने लक्ष्मण को कहा था नपुंसक
लक्ष्मण अपनी मां सावित्री, मामी पूजा और मामा बलबीर के साथ शो में पहुंचा. वह ट्रेन से दिल्ली और फिर दिल्ली से प्लेन से मुंबई पहुंचा. वहीं, पत्नी अनीता अपने पिता, मां और एक सोशल वर्कर के साथ कार्यक्रम में पहुंची.
इसकी शूटिंग सितंबर महीने में मुंबई में हुई। यहां पर होस्ट राखी सावंत ने चिल्लाते हुए लक्ष्मण को नपुंसक कहकर अपमानित किया. इसका प्रसारण 23 अक्टूबर 2010 को हुआ था.
शो प्रसारण होने के बाद लक्ष्मण की रात को सोता भी नहीं था और खाना भी नहीं खाता था. मां खाने के लिए कहती तो बोलता था कि राखी सावंत ने जीवन खत्म कर दिया. अब जीना नहीं चाहता, मुझे मर जाने दो. लक्ष्मण तनाव में रहने लगा.
हालत बिगड़ने पर उसे 9 नवंबर को मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया था. जहां दस नवंबर को उसकी मौत हो गई थी. मां सावित्री की तहरीर पर प्रेमनगर पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने, षड़यंत्र में शामिल होने और गाली गलौज करने का केस दर्ज किया था.
राखी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट
डीजीसी क्राइम मृदुलकांत श्रीवास्तव ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने राखी सावंत समेत अन्य के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की थी. इसके बाद हाईकोर्ट ने स्टे लगा दिया था. स्टे खत्म होने के बाद केस की सुनवाई सीएडब्ल्यू कोर्ट में चल रही थी.
समन जारी होने के बावजूद राखी कोर्ट में पेश नहीं हुई. इस पर शनिवार को जज ने राखी सावंत के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है. इसमें पुलिस उसे गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश कर सकती है. इसके अलावा राखी खुद भी कोर्ट में पेश हो सकती हैं.