
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ को लेकर महाराष्ट्र में राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है। एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने किताब में वीर सावरकर से जुड़े अंशों पर आपत्ति जताई है। पार्टी नेताओं का आरोप है कि किताब में सावरकर का अपमान किया गया है और इतिहास को गलत तरीके से पेश किया गया है।शिवसेना नेताओं ने किताब के पेज नंबर 201 और 443 पर लिखी बातों पर सवाल उठाए। उन्होंने प्रकाशक हार्पर कॉलिन्स से इन अंशों को हटाने की मांग की। इसी विरोध के दौरान पार्टी नेताओं ने किताब की प्रतियां और कुछ पन्ने फाड़े।
विरोध के दौरान बालासाहेब की तस्वीर कैसे फटी?
मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शाइना एनसी, संजय निरुपम और आनंद दुबे समेत शिवसेना के नेताओं ने सोनिया गांधी की किताब का विरोध किया। इस दौरान नेताओं ने एक पुरानी तस्वीर भी दिखाई। इसमें शिवसेना के संस्थापक बालासाहेब ठाकरे कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर के पुतले को चप्पल मारते नजर आ रहे थे।बताया गया कि यह तस्वीर साल 2004 की है। उस समय बालासाहेब ने सावरकर के कथित अपमान के विरोध में अय्यर के पुतले पर चप्पल मारी थी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में शाइना एनसी ने किताब के पन्ने फाड़ते समय इस तस्वीर को भी फाड़ दिया। उनके साथ मौजूद संजय निरुपम ने इस ओर ध्यान दिलाया। इसके बाद शाइना ने फटी तस्वीर को कागजों के नीचे रख दिया।
शाइना एनसी ने क्या सफाई दी?
विवाद बढ़ने पर शाइना एनसी ने सफाई दी कि उन्होंने बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर का अपमान नहीं किया। उनका कहना है कि तस्वीर में मणिशंकर अय्यर का चेहरा था और उन्होंने उसी हिस्से को फाड़ा था। शाइना ने कहा कि वह अय्यर की तस्वीर एक बार नहीं, बल्कि हजार बार फाड़ेंगी।
उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले को चुनौती देते हुए कहा कि वे सबूत दिखाएं कि उन्होंने बालासाहेब का अपमान किया है। शाइना ने यह भी चेतावनी दी कि उनके खिलाफ गलत बातें फैलाने वालों पर मानहानि का मुकदमा किया जाएगा।
कांग्रेस और उद्धव गुट ने क्या आरोप लगाए?
कांग्रेस ने इस घटना को बालासाहेब ठाकरे का अपमान बताया। पार्टी नेताओं ने शाइना के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने मामले में एफआईआर दर्ज करने, सख्त कार्रवाई करने और देश से माफी मांगने की मांग की।
उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) के नेताओं ने भी शाइना पर निशाना साधा। मुंबई की पूर्व मेयर किशोरी पेडनेकर ने कहा कि बालासाहेब का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुंबई महानगरपालिका मुख्यालय में विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने शाइना को पार्टी से हटाने की मांग भी की।




