-10°C की ठंड में पत्थर सी जम गई सेना के जवान की वर्दी, बोला- सिर्फ 1 लाख की सैलरी दिखती है, दर्द नहीं

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक कथित फौजी का बेहद भावुक और रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। जब लोग अपने घरों में रजाई के अंदर बैठकर ठंड से बच रहे होते हैं, तब देश की सीमाओं पर तैनात जांबाज सिपाही हाड़ कंपा देने वाली ठंड में भी सीना ताने खड़े रहते हैं। वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि रात के समय चारों तरफ घना अंधेरा है और तापमान माइनस 10 डिग्री के आसपास है। इसी कड़ाके की ठंड के बीच एक जवान बाहर सूखने के लिए टांगी गई अपनी वर्दी की स्थिति कैमरे पर दिखाता है।
‘चड़-चड़’ आवाज के साथ टूटी बर्फ, जवान के शब्दों ने छुआ दिल
अत्यधिक ठंड और बर्फ जमने के कारण जवान की वर्दी पूरी तरह से जम चुकी है और किसी गत्ते या लकड़ी की तरह सख्त होकर अकड़ गई है। जैसे ही जवान उस वर्दी को हाथ से मोड़ने या छूने की कोशिश करता है, उसमें से बर्फ टूटने की ‘चड़-चड़’ आवाज साफ सुनाई देती है। इस बेहद कठिन परिस्थिति को दिखाते हुए जवान सादगी और दर्द भरे अंदाज में कहता है कि “बाहर लोगों को बस फौजियों की एक लाख रुपये सैलरी दिखती है, लेकिन इस सैलरी के पीछे की यह मेहनत, यह जमा देने वाली ठंड और ये हालात किसी को नहीं दिखते।” जवान की यह एक लाइन सोशल मीडिया पर लोगों के दिलों को सीधा छू रही है।




