वंदे भारत में रिश्तेदारों को विदा करना पड़ा भारी, 12 लोग बिना टिकट पहुंचे 140 KM दूर, भरना पड़ा 36 हजार जुर्माना

उत्तर प्रदेश के कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर एक अनोखा और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। अपने रिश्तेदारों को छोड़ने और उनका सामान ट्रेन के अंदर रखवाने चढ़े 12 लोग स्वचालित (ऑटोमैटिक) दरवाजे बंद होने के कारण अंदर ही फंस गए। इसके बाद ट्रेन वहां से रवाना हो गई और इन लोगों को 140 किलोमीटर दूर इटावा जंक्शन तक का सफर तय करना पड़ा। बिना टिकट यात्रा और नियमों के उल्लंघन के आरोप में रेलवे ने इन सभी पर कुल 36,000 रुपये का भारी जुर्माना लगाया है।
सामान रखवाने चढ़े थे अंदर, बंद हो गए ऑटोमैटिक दरवाजे
यह घटना ट्रेन नंबर 22415 वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस की है। कानपुर के विभिन्न इलाकों से आए 12 लोग अपने परिजनों को छोड़ने और उन्हें सीट पर बैठाने के लिए ट्रेन के कोच के भीतर चले गए थे। इसी दौरान वंदे भारत एक्सप्रेस के स्वचालित दरवाजे बंद हो गए। चूंकि वंदे भारत के दरवाजे केवल निर्धारित स्टॉप पर ही खुलते हैं, इसलिए ये सभी लोग कानपुर सेंट्रल पर बाहर नहीं निकल सके।
140 किलोमीटर दूर इटावा जंक्शन पर रोकी गई ट्रेन
ट्रेन के चलते ही परिजनों को प्लेटफॉर्म पर छोड़कर 12 लोग, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे, अंदर ही फंसे रह गए। अंदर फंसे लोगों ने ट्रेन स्टाफ से दरवाजे खोलने की गुहार लगाई, लेकिन सुरक्षा नियमों और तकनीकी पाबंदियों के कारण चलती ट्रेन के दरवाजे नहीं खोले जा सके। इस दौरान कुछ लोगों ने विरोध प्रदर्शन भी किया। मामला बढ़ता देख ट्रेन स्टाफ ने टूंडला रेलवे कंट्रोल रूम को सूचना दी। कंट्रोल रूम के निर्देश पर रविवार सुबह करीब 10.49 बजे वंदे भारत एक्सप्रेस को इटावा जंक्शन पर रोका गया।
GRP और RPF ने सुरक्षित उतारा, वसूला ₹36,000 जुर्माना
इटावा जंक्शन पर स्टेशन अधीक्षक पीएम मीणा, आरपीएफ निरीक्षक दिनेश कुमार सिंह और जीआरपी निरीक्षक यदुवीर सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने सभी 12 लोगों को ट्रेन से सुरक्षित नीचे उतारा और पूछताछ के लिए आरपीएफ पोस्ट ले गई।
बिना वैध टिकट और बिना अनुमति ट्रेन में प्रवेश करने तथा रेलवे नियमों के उल्लंघन पर वाणिज्य विभाग ने सख्त कार्रवाई की। विभाग ने प्रति व्यक्ति 3,000 रुपये के हिसाब से कुल 36,000 रुपये का जुर्माना वसूला। जुर्माना भरने और भविष्य में बिना टिकट या अनुमति के ट्रेन में न चढ़ने की सख्त चेतावनी देने के बाद ही सभी लोगों को जाने दिया गया




