यूपी के शाहजहांपुर स्थित बरेली मोड़ चौराहे पर रविवार को कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक महिला समेत तीन लोगों ने जमकर हंगामा किया। अजीजगंज पुलिस चौकी से दो सौ मीटर की दूरी पर निजी बस चालक से हुए विवाद के बाद आरोपी पुलिस पर ही हमलावर हो गए। पहले अजीजगंज चौकी के सिपाही के साथ मारपीट की। उन्होंने भागकर खुद को बचाया। इसके बाद चौराहे पर व्यवस्था संभाल रहे यातायात विभाग के उपनिरीक्षक के साथ भी मारपीट करते हुए उनकी वर्दी फाड़ दी। तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है।
हंगामा होने पर पहुंचे थे सिपाही रोहित और अभय
थाना कांट क्षेत्र के गांव ददरौल निवासी एक युवक और एक महिला हाईवे स्थित एक ढाबे पर खाना खाने के बाद बरेली मोड़ चौराहे से होते हुए अपने घर जाने के लिए सवारी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर वहां खड़ी एक निजी बस के चालक से उनकी कहासुनी होने लगी। कुछ देर में विवाद इतना बढ़ गया कि चौराहे पर हंगामा होने लगा। हंगामे की सूचना मिलते ही अजीजगंज पुलिस चौकी पर तैनात सिपाही रोहित सांगवान और सिपाही अभय मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों को शांत कराकर बीच-बचाव करने लगे। मंत्री का नाम लेकर दी धमकी
आरोप है कि इसी बात से भड़के युवक और महिला ने पुलिसकर्मियों से अभद्रता करते हुए धक्का-मुक्की शुरू कर दी। मंत्री का नाम लेकर पुलिस चौकी सस्पेंड कराने की धमकी दी। इसी बीच उनका एक अन्य साथी भी वहां आ पहुंचा। तीनों ने मिलकर सिपाही रोहित सांगवान के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों के तेवर देख सिपाही ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई।