प्रधानमंत्री जी के मन की बात के 124वें प्रसारण को हरियाली तीज पर बहनों के साथ सुना
प्रधानमंत्री ने मन की बात में भोपाल के संगठन "सकारात्मक सोच" की तारीफ -ये भोपाल के लिए गर्व की बात है -आलोक शर्मा

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मन की बात कार्यक्रम में भोपाल की महिलाओं के एक संगठन “सकारात्मक सोच” की तारीफ की। इस संगठन की स्थापना 15 महिलाओं ने की थी, जिनका उद्देश्य अपने शहर को साफ-सुथरा बनाना और सामाजिक क्षेत्र में योगदान देना था। मोदी जी ने कहा कि यह संगठन सकारात्मक विचारों पर आधारित है और इसके कार्य पर्यावरण और स्वच्छता की दिशा में अनुकरणीय हैं। इस अवसर पर आयोजित तीज महोत्सव में मुख्य अतिथि सांसद आलोक शर्मा ने कहा मोदी जी ने मन की बात मे संगठन के कार्यों की प्रशंसा की और कहा कि यह संगठन समाज के लिए एक अच्छा उदाहरण है। एवं हरियाली तिज़ के पावन पर्व पर महिलाओं को सुहाग सामान वितरित करना और “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण करना हमें अपनी परंपराओं और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल हमारी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने का अवसर है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष राकेश कुकरेजा ने कहा कि हरियाली तीज का यह त्योहार हमें प्रकृति और महिलाओं के महत्व को समझने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सम्मानित करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को बढ़ावा देने के लिए इस तरह के आयोजन आवश्यक हैं। इस अवसर पर महिलाओं ने तिरंगा लहराकर और झूला झूलकर अपनी खुशी और उत्साह का इजहार किया। कार्यक्रम में लोकगीतों, पारंपरिक साज-सज्जा, हरियाली तीज की मेहंदी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सावन की सौंधी सुगंध और हमारी परंपराओं की अनुपम झलक सजीव हुई।