स्पोर्ट्स बाइक सवार युवती का कहर: टक्कर से युवक का फट गया पेट, 33 टांके लगे, दूसरी मोटरसाइकिल के उड़े परखच्चे
सेक्टर-18 अंडरपास पर स्पोर्ट्स बाइक सवार युवती ने दूसरी बाइक को टक्कर मारी। युवक का पेट फटा, 33 टांके लगे; बहन-भांजा घायल। युवती फरार, पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की।


स्पोर्ट्स बाइक सवार युवती ने रफ्तार से बाइक चलाते हुए सेक्टर-18 अंडरपास के पास दूसरी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि जिस बाइक में टक्कर लगी उसके परखच्चे उड़ गए। बाइक सवार युवक का पेट फट गया। 33 टांके लगाकर पेट सिला गया है और एम्स दिल्ली में इलाज चल रहा है। युवक के साथ बाइक पर मौजूद उसकी बहन और एक साल का भांजा भी घायल हुआ है। हादसे के बाद स्पोर्ट्स बाइक सवार युवती आनन-फानन मौके से भाग निकली। आरोप यह भी है कि युवती स्टंट कर रही थी, जिस दौरान हादसा हुआ। शिकायत पर सेक्टर-20 थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह हादसा 17 फरवरी की शाम को हुआ था। थाना सेक्टर-20 पुलिस को दी गई शिकायत में विकास कुमार ने बताया है कि 17 फरवरी की शाम करीब 4 बजे के करीब जब उसका भतीजा और भतीजी बाइक पर सवार होकर जा रहे थे, तभी सेक्टर-18 अंडरपास के पास स्पोर्ट्स बाइक से आ रही युवती ने टक्कर मार दी। हादसे में शिकायतकर्ता का भतीजा सौरभ, भतीजी ऋतु और भतीजी की गोद में बैठा एक बच्चा घायल हो गया।


