खेल

विश्वकप से बाहर हुआ मेजबान श्रीलंका, न्यूजीलैंड ग्रुप-2 में दूसरे स्थान पर; PAK का भी सफर लगभग खत्म

न्यूजीलैंड ने बुधवार को श्रीलंका के खिलाफ आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में 61 रन से जीत दर्ज की। इस हार के साथ श्रीलंकाई टीम खिताबी दौड़ से बाहर हो गई है

मिचेल सैंटनर और कोल मैककोन्की की अर्धशतकीय साझेदारी के बाद रचिन रवींद्र की शानदार गेंदबाजी के दम पर न्यूजीलैंड ने टी20 विश्व कप 2026 की सह-मेजबान श्रीलंका टीम को 61 रन से हरा दिया। इसी के साथ श्रीलंका का सफर टूर्नामेंट में समाप्त हो गया। अब टीम अपना आखिरी मुकाबला पाकिस्तान से खेलेगी। बुधवार को कोलंबो में खेले गए मुकाबले में न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में सात विकेट पर 168 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका की टीम निर्धारित ओवरों में आठ विकेट पर सिर्फ 107 रन ही बना सकी और मुकाबला हार गई।

श्रीलंका की उम्मीदें खत्म, पाकिस्तान का सफर भी समाप्त
सुपर-8 मुकाबले में जीत के साथ न्यूजीलैंड ग्रुप-2 की अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गया। उसके खाते में 3 अंक और नेट रन रेट +3.050 हो गया। वहीं, इंग्लैंड चार अंक लेकर शीर्ष पर है। अब न्यूजीलैंड को सुपर-8 में अपना आखिरी मुकाबला इंग्लैंड से शुक्रवार को खेलना है। श्रीलंका की टीम लगातार दो मैचों में शिकस्त झेलने के बाद आखिरी पायदान पर पहुंच गई। वहीं, पाकिस्तान फिलहाल एक अंक और -0.461 के नेट रन रेट के साथ तीसरे स्थान पर है। सलमान आगा की टीम को अपना आखिरी मुकाबला 28 फरवरी को खेलना है। पाकिस्तान अगर यह मैच जीत भी लेता है तो हद से हद तीन अंक हासिल कर पाएगा, लेकिन नेट रन रेट में न्यूजीलैंड उससे बाजी मार लेगा और सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर लेगा।
न्यूजीलैंड की पारी

  • टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड ने 7 विकेट पर 168 रन बनाए। टीम को टिम सीफर्ट और फिन एलन ने तेज शुरुआत दिलाई और 3.1 ओवर में 30 रन जोड़े। एलन 23 और सीफर्ट 8 रन बनाकर आउट हुए।
  • इसके बाद ग्लेन फिलिप्स और रचिन रवींद्र ने पारी को संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 41 रन जोड़े। रचिन ने 22 गेंदों में 32 रन बनाए।
  • हालांकि, 84 रन तक पहुंचते-पहुंचते न्यूजीलैंड ने छह विकेट गंवा दिए थे और टीम मुश्किल में दिख रही थी।
  • ऐसे में कप्तान मिचेल सेंटनर (47 रन) और कोल मैककोन्की (नाबाद 31 रन) ने शानदार साझेदारी की। दोनों ने सातवें विकेट के लिए 47 गेंदों में 84 रन जोड़कर टीम को 168 के चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया।
  • श्रीलंका की ओर से महेश तीक्षणा और दुष्मंथा चमीरा ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि दुनिथ वेल्लागे को एक सफलता मिली।

श्रीलंका की पारी

  • 169 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही। पहली ही गेंद पर पथुम निसांका बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद चरिथ असलांका भी जल्दी पवेलियन लौट गए।
  • कुसल मेंडिस ने 31 रन की पारी खेलकर कुछ संघर्ष जरूर दिखाया। पवन रत्नायके ने 10 और डुनिथ वेललेज ने 29 रन बनाए, लेकिन टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही।
  • पूरी टीम निर्धारित ओवरों में 8 विकेट पर सिर्फ 107 रन ही बना सकी।
  • न्यूजीलैंड की ओर से रचिन रवींद्र ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 27 रन देकर 4 विकेट झटके और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बने।
  • मैट हैनरी ने 2 विकेट लिए, जबकि कप्तान सेंटनर को 1 सफलता मिली।
  • इस जीत के साथ न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल की अपनी उम्मीदें मजबूत कर ली हैं, जबकि मेजबान श्रीलंका का सफर यहीं समाप्त हो गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button