खेल

साहिबजादा फरहान ने लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी, पाकिस्तान ने टी20 विश्वकप में अपना सबसे बड़ा स्कोर बनाया

पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने श्रीलंका के खिलाफ अहम मुकाबले में दमदार प्रदर्शन किया। उन्होंने शतक के साथ तमाम उपलब्धियां हासिल कर ली

सेमीफाइनल के लिए आखिरी बार जोर लगाने उतरी पाकिस्तान टीम ने दमदार प्रदर्शन किया। इस मैच में टीम ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 212 रन बनाकर इतिहास रच दिया। यह उनका टी20 विश्व कप में सबसे बड़ा स्कोर है। श्रीलंका के खिलाफ मुकाबले में पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने भी विस्फोटक पारी खेलकर रिकॉर्ड्स की झड़ियां लगा दीं।

फरहान और फखर की रिकॉर्ड साझेदारी
इस मैच में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पाकिस्तान को बल्लेबाजी का न्योता दिया। साहिबजादा फरहान और फखर जमां ने टीम को शानदार शुरुआत दिलाते हुए रिकॉर्ड 176 रनों की साझेदारी निभाई। दोनों के बीच हुई यह साझेदारी पाकिस्तान के लिए श्रीलंका के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे बड़ी है। इस दौरान साहिबजादा फरहान ने 59 गेंदों में अपना शतक पूरा किया।

साहिबजादा का ऐतिहासिक शतक
फरहान टी20 विश्व कप के एक संस्करण में दो शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए। इससे पहले उन्होंने नामीबिया के खिलाफ 100 रनों की नाबाद पारी खेली थी। वहीं, टी20 विश्व कप में दो शतक जड़ने वाले वह दूसरे बल्लेबाज बन गए। इससे पहले क्रिस गेल ने वैश्विक टूर्नामेंट में शतक जड़ा था। दिलचस्प बात यह है कि टी20 अंतरराष्ट्रीय में पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड बाबर आजम के नाम दर्ज है। उन्होंने इस प्रारूप में तीन सैकड़े ठोके हैं।

साहिबजादा फरहान टी20 विश्व कप में पाकिस्तान के लिए सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज भी बन गए। इससे पहले 2014 में अहम शहजाद ने बांग्लादेश के खिलाफ मीरपुर में 111 रनों की नाबाद पारी खेली थी। वहीं, फरहान एक टी20 विश्व कप संस्करण में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले बल्लेबाज भी बन गए। उन्होंने अब तक टी20 विश्व कप 2026 में 18 छक्के लगाए हैं। शिमरोन हेटमायर ने मौजूदा टूर्नामेंट में 17 छक्के लगाए हैं।

टी20 विश्व कप में पाकिस्तान के लिए सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर

बल्लेबाज स्कोर विपक्षी टीम जगह साल
अहमद शहजाद 111* बांग्लादेश मीरपुर 2014
साहिबजादा फरहान 100* नामीबिया कोलंबो (SSC) 2026
साहिबजादा फरहान 100 श्रीलंका पल्लेकेले 2026
उमर अकमल 94 ऑस्ट्रेलिया मीरपुर 2014

टी20 विश्व कप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज

बल्लेबाज छक्के वर्ष
साहिबजादा फरहान 18* 2026
शिमरोन हेटमायर 17* 2026
निकोलस पूरन 17 2024
क्रिस गेल 16 2012
रहमनुल्लाह गुरबाज 16 2024

पाकिस्तान का टी20 विश्व कप में सबसे बड़ा स्कोर
फरहान के बाद फखर जमां ने 42 गेंदों में 84 रनों की तूफानी पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से नौ चौके और चार छक्के निकले। इस मैच में पाकिस्तान ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 212 रन बनाए, जो उनका टी20 विश्व कप में सर्वाधिक स्कोर है। इससे पहले टीम ने 2016 में बांग्लादेश के खिलाफ 201/5 का स्कोर बनाया था। श्रीलंका के खिलाफ बनाया गया यह स्कोर टी20 अंतरराष्ट्रीय में पाकिस्तान का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर भी है। इससे पहले टीम ने 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ छह विकेट पर 232 रन बनाए थे।

टी20 अंतरराष्ट्रीय में पाकिस्तान के सर्वोच्च स्कोर

स्कोर विपक्षी टीम जगह साल
232/6 इंग्लैंड नॉटिंघम 2021
212/8 श्रीलंका पल्लेकेले 2026*
208/3 वेस्टइंडीज कराची 2021
207/1 न्यूजीलैंड ऑकलैंड 2025
207 यूएई शारजाह 2025
207/6 ऑस्ट्रेलिया लाहौर 2026

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button