होली पर्व – भारत का विशिष्ट सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक उत्सव : योग गुरु महेश अग्रवाल


आदर्श योग आध्यात्मिक केंद्र, स्वर्ण जयंती पार्क, कोलार रोड, भोपाल के संचालक योग गुरु महेश अग्रवाल ने बताया कि 4 मार्च, बुधवार प्रातः 6 बजे योग साधकों द्वारा होली पर्व सामूहिक योग साधना के माध्यम से श्रद्धा एवं उत्साहपूर्वक मनाया गया। सभी के जीवन में स्वास्थ्य, प्रसन्नता और सकारात्मक ऊर्जा बनी रहे—इसी संकल्प के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति के सभी पर्व अनुशासन, स्वच्छता, आत्मीयता एवं संकल्पशक्ति को जागृत करने का संदेश देते हैं। होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि और आत्मसाक्षात्कार का अवसर भी है। रंग हमारी आंतरिक ऊर्जा एवं आभामंडल से जुड़े हैं, जिनका शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक जीवन पर गहरा प्रभाव पड़ता है।
प्रमुख रूप से राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त स्वास्थ्य प्रचारक एवं मधुमेह विशेषज्ञ डॉ. नरेन्द्र भार्गव, बरखा अग्रवाल, योगाचार्य रामनरेश रघुवंशी, अनंत रघुवंशी, वरिष्ठ ज्योतिषाचार्य रमेश संगमकर, ऋतुज जैन, पंकज अग्रवाल, सुनील सोलंकी, संगीता साहू, आशा गजभिये, सारंगा नगरारे, नर्मदा चंडोकर, लता बंजारी, हिमांशु नायक, भूपेंद्र सोलंकी, अमोल कनाटे, अभिनव मिश्रा एवं यश गौतम सहित अनेक योग साधक, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
योग गुरु अग्रवाल ने कहा कि होली बुराइयों के त्याग, संवेदनाओं के जागरण और नवसृजन का प्रतीक पर्व है। आइए, हम सभी इस पर्व को आध्यात्मिक दृष्टि से मनाते हुए समाज में प्रेम, सद्भाव और सकारात्मकता का संदेश फैलाएँ



