खबर

असम में लापता सुखोई-30 लड़ाकू विमान हुआ दुर्घटनाग्रस्त, विमान में सवार 2 पायलट की मौत

असम में गुरुवार देर शाम को लापता हुए भारतीय वायुसेना (IAF) के सुखोई-30 लड़ाकू विमान का पता चल गया है। वह दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। IAF ने शुक्रवार सुबह बताया कि रात भर चले खोज और बचाव अभियान में विमान में सवार दोनों पायलट की मौत की जानकारी मिली है। विमान में स्क्वाड्रन लीडर अनुज और फ्लाइट लेफ्टिनेंट पुरवेश दुरागकर सवार थे, जिनकी मौत हो गई है। मौके पर वायुसेना के अधिकारी मौजूद हैं।

कल रात गायब हुआ था विमान

कार्बी आंगलोंग जिले में सुखोई-30MKI लड़ाकू विमान लापता हो गया था। विमान ने जोरहाट से उड़ान भरी थी और शाम लगभग 7 बजे चोकीहोला के पास निलिप ब्लॉक की पहाड़ियों में रडार से गायब हो गया। स्थानीय निवासियों ने शाम को पहाड़ियों पर तेज धमाके की आवाज सुनी थी। हालांकि, तब तक कोई तस्वीर और वीडियो सामने नहीं आया था। घटना के बाद मौके पर बचाव और खोज अभियान शुरू किया गया था।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शोक जताया

घटना को लेकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शोक जताया है। उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘Su-30 हादसे में स्क्वाड्रन लीडर अनुज और फ्लाइट लेफ्टिनेंट पुरवेश दुरगकर के जाने से बहुत दुख हुआ। देश के लिए उनकी हिम्मत और सेवा को हमेशा गर्व और आभार के साथ याद किया जाएगा। दुखी परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। इस घड़ी में देश उनके साथ मजबूती से खड़ा है।’ IAF ने भी पीड़ितों के परिवार के साथ खड़े रहने की बात कही है।

रूस द्वारा विकसित विमान, अब HAL करती है निर्माण

सुखोई Su‑30MKI 2 इंजन वाला बहुउद्देशीय लड़ाकू विमान है, जो वायुरक्षा, लंबी दूरी के हमले और निगरानी करता है। विमान 2,100 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से 3,000 किलोमीटर तक उड़ सकता है। इसमें 12 हार्ड प्वाइंट है, जिनमें 8,000 किलो वजनी हथियार लग सकते हैं। इसे ब्रह्मोस मिसाइलों से लैस किया गया है। इसे रूसी विमान निर्माता सुखोई ने विकसित किया है, जिसका निर्माण सरकारी एयरोस्पेस कंपनी हिंदुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) द्वारा लाइसेंस के तहत किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button