ईरान से जंग के बीच अमेरिका ने आर्मी चीफ को हटाया, दो सीनियर अफसर भी बर्खास्त
अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने सेना के चीफ ऑफ स्टाफ जनरल रैंडी जॉर्ज को पद छोड़ने को कहा है.


ईरान के साथ चल रहे युद्ध के बीच अमेरिका की सैन्य व्यवस्था में बड़ा और चौंकाने वाला बदलाव सामने आया है. अमेरिकी सेना के चीफ ऑफ स्टाफ जनरल रैंडी जॉर्ज को हटा दिया गया है. रक्षा सचिव पीट हेगसेथ के कहने पर उन्होंने तत्काल प्रभाव से पद छोड़ दिया और रिटायर हो गए. उनके साथ ही दो अन्य शीर्ष सैन्य अधिकारियों को भी उनके पद से हटाया गया है. यह फैसला ऐसे समय लिया गया है, जब अमेरिका पश्चिम एशिया में गंभीर सैन्य टकराव में उलझा हुआ है और वैश्विक स्तर पर हालात बेहद संवेदनशील बने हुए हैं. रक्षा मंत्रालय से जुड़े इस घटनाक्रम ने अमेरिकी राजनीति और सैन्य नेतृत्व में हलचल तेज कर दी है. अमेरिकी सेना और रक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने साफ किया है कि हेगसेथ ने जॉर्ज को पद छोड़ने के लिए कहा था. उनकी जगह सेना के वाइस चीफ ऑफ स्टाफ जनरल क्रिस्टोफर लानेव ने ली है, जो सीनेट द्वारा नए चीफ ऑफ स्टाफ बनाए जाने तक कार्यवाहक चीफ के रूप में कार्य करेंगे.
पेंटागन प्रवक्ता ने अपने बयान में क्या कहा?
पेंटागन के प्रवक्ता शॉन पार्नेल ने एक बयान में कहा कि जनरल रैंडी ए. जॉर्ज तत्काल प्रभाव से सेना के 41वें चीफ ऑफ स्टाफ के पद से रिटायर हो रहे हैं. रक्षा विभाग जनरल जॉर्ज द्वारा राष्ट्र के लिए दशकों तक की गई सेवा के लिए उनका आभारी है. हम उनके रिटायरमेंट के बाद के जीवन के लिए उन्हें शुभकामनाएं देते हैं.
दो और शीर्ष अधिकारियों को हटाया
अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने अमेरिकी सेना के चीफ ऑफ स्टाफ के साथ ही दो और सैन्य अधिकारियों को उनके पदों से हटा दिया है. इनमें ट्रांसफोर्मेशन एंड ट्रेनिंग कमांड के जनरल डेविड होडने और चैपलिन कोर के प्रमुख मेजर जनरल विलियम ग्रीन जूनियर शामिल हैं. पिछले साल पदभार संभालने के बाद से हेगसेथ ने करीब एक दर्जन शीर्ष जनरलों और एडमिरलों को बर्खास्त किया है. जॉर्ज को पद से हटाने के लिए कहना इसमें सबसे नया है.



