70 वर्षीय दादा पर नाबालिग से दुष्कर्म-हत्या का आरोप, आरोपी गिरफ्तार; POCSO एक्ट के तहत कार्रवाई


त्रिपुरा के सोनामुरा इलाके में एक नाबालिग बच्ची की संदिग्ध मौत के मामले ने सनसनी फैला दी है। पुलिस ने इस मामले में 70 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिस पर दुष्कर्म और हत्या जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।पुलिस के अनुसार, 29 अप्रैल को सूचना मिली थी कि एक नाबालिग बच्ची की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या यानी फांसी का मामला माना गया और उसी दिन अस्वाभाविक मौत का केस दर्ज किया गया।
FIR में दादा पर गंभीर आरोप
जांच के दौरान आज एक लिखित एफआईआर प्राप्त हुई, जिसमें आरोप लगाया गया कि मृतका के दादा ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। इस गंभीर आरोप के बाद पुलिस ने मामले को दुष्कर्म और हत्या की धाराओं में बदल दिया है और साथ ही POCSO एक्ट भी लागू किया गया है।
70 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
सोनामुरा थाना प्रभारी तपस दास ने बताया कि सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद लगभग 70 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपी के खिलाफ पर्याप्त सबूत मिलने के बाद कार्रवाई की गई है और उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। फॉरेंसिक और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को भी इकट्ठा किया जा रहा है, ताकि सच्चाई सामने आ सके।



