भोपाल में आउटसोर्स कर्मचारियों की बड़ी बैठक संपन्न
जून 2026 में 50 हजार कर्मियों के साथ प्रदेशव्यापी शक्ति प्रदर्शन का ऐलान


भोपाल। राजधानी भोपाल में आज युवा आउटसोर्सिंग सामाजिक कल्याण समिति के तत्वावधान में प्रदेश के विभिन्न विभागों, निगम-मंडलों, विश्वविद्यालयों एवं अस्पतालों में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी कल्याण संघ के अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त श्री रमेश चंद्र शर्मा उपस्थित रहे। बैठक का आयोजन समिति के प्रदेश संगठन मंत्री आशीष सिंह सिसोदिया के नेतृत्व में किया गया, जिसमें प्रदेशभर से विभिन्न विभागों के लगभग 100 प्रमुख कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय
1. संयुक्त यूनियन का गठन-सभी विभागों के आउटसोर्स कर्मचारियों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने के उद्देश्य से एक साझा एवं एकीकृत यूनियन के गठन का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।
2. महा-आंदोलन का ऐलान-कर्मचारियों की मांगों के समर्थन में जून 2026 में राजधानी भोपाल में लगभग 50,000 आउटसोर्स कर्मचारियों द्वारा विशाल धरना-प्रदर्शन एवं शक्ति प्रदर्शन आयोजित करने का लक्ष्य तय किया गया।बैठक के दौरान कर्मचारी नेताओं ने रमेश चंद्र शर्मा को विभागवार व्याप्त समस्याओं, वेतन विसंगतियों, नौकरी की असुरक्षा एवं भविष्य को लेकर उत्पन्न चिंताओं से अवगत कराया।
इस अवसर पर मंत्री ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा- आउटसोर्स कर्मचारियों की समस्याएं पूरी तरह जायज हैं। मैं व्यक्तिगत रूप से इन सभी विषयों से माननीय मुख्यमंत्री जी को अवगत कराऊंगा और आपकी मांगों के समाधान के लिए सदैव आपके साथ खड़ा रहूंगा।
उक्त बैठक वरिष्ठ कर्मचारी नेता अनिल वाजपेयी, चंद्रशेखर परसाई, रमेश राठौर एवं अभिलाष जैन के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। जिस बैठक में प्रमुख रूप से आउटसोर्स कर्मचारी नेता गुलशन मंसूरी, श्री राम द्विवेदी, पंकज पटेल, राहुल सक्सेना, आदित्य तिवारी एवं अखिलेश सक्सेना उपस्थित रहे। महिला प्रतिनिधियों में विमला तिवारी, दीपिका श्रीवास, सुश्री सुखदा नागरीक एवं रीना राठौर ने भी अपने विचार व्यक्त किए।



