भोपाल में कानून व्यवस्था बिगाड़ने एवं धार्मिक भावनाएं आहत करने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग


भोपाल। सामाजिक कार्यकर्ता ओसाफ अली बब्लू द्वारा थाना गोविंदपुरा में एक लिखित शिकायत प्रस्तुत कर असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दिनांक 10/05/2026 को गोविंदपुरा क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा सार्वजनिक रूप से मारपीट, गाली-गलौज एवं आपत्तिजनक टिप्पणियां कर क्षेत्र की शांति व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास किया गया तथा धार्मिक भावनाओं को आहत किया गया। शिकायत में कहा गया है कि घटना के दौरान कुछ पुलिसकर्मियों की मौजूदगी के बावजूद असामाजिक तत्वों द्वारा अभद्रता एवं डर का माहौल बनाया गया। आवेदनकर्ताओं ने मांग की है कि घटना में शामिल सभी आरोपियों की निष्पक्ष जांच कर शीघ्र गिरफ्तारी की जाए तथा वीडियो फुटेज एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। ओसाफ अली बब्लू ने कहा कि भोपाल पुलिस कमिश्नर द्वारा पूर्व में जारी आदेश के अनुसार सार्वजनिक स्थानों पर कानून एवं शांति व्यवस्था भंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई होना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इस आवेदन में स्थानीय नागरिकों ने भी समर्थन दिया है। आवेदनकर्ताओं में प्रमुख रूप से फ़ीरोज भोपाली, रेहान चौधरी, नवाब अहमद एवं उबेज़ खान शामिल हैं। आवेदनकर्ताओं ने कहा कि यदि समय रहते निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र का सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से त्वरित एवं निष्पक्ष जांच की मांग की है।




