खबरमध्य प्रदेश

आउटसोर्स कर्मियों की बेहतर कैरियर प्लानिंग पर ध्यान दें : एमडी सुनील तिवारी

भोपाल । मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) के प्रबंध संचालक सुनील तिवारी ने अधिकारियों से कहा है कि कंपनी मे कार्य कर रहे आउटसोर्स कर्मियों से उनकी योग्यता एवं विशेषज्ञता के अनुरूप कार्य लिया जाए तथा उनकी बेहतर कैरियर प्लानिंग और कौशल विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। बिजली कंपनियों के मुख्यालय में आयोजित एम पी ट्रांसको के मानव संसाधन एवं प्रशासन विभाग की समीक्षा बैठक में उन्होंने आउटसोर्स कर्मियों से संवाद करते हुए कहा कि कंपनी में कार्य का बेहतर वातावरण उपलब्ध है, इसलिए कर्मी अपने नियमित कार्य के साथ उच्च शिक्षा एवं तकनीकी विशेषज्ञता हासिल करने का भी प्रयास करें। उन्होंने कहा कि एमपी ट्रांसको में कार्य कर अनुभव प्राप्त करने वाले अनेक कर्मी देश की अन्य संस्थाओं में भी चयनित हुए हैं।

*रोटेशन के आधार पर कार्य करायें *-

प्रबंध संचालक ने अधिकारियों से कहा कि आउटसोर्स कर्मियों को रोटेशन के आधार पर विभिन्न प्रभागों में कार्य करने का अवसर दिया जाए, ताकि उन्हें विविध कार्य प्रणालियों का अनुभव प्राप्त हो सके।

पूर्ण समर्पण से कार्य न करने वाले होंगे स्थानांतरित

बैठक के दौरान उन्होंने एचआर विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि बदलते तकनीकी परिवेश में एआई और आधुनिक तकनीकों के उपयोग के साथ बेहतर कार्य संस्कृति विकसित करना आवश्यक है। उन्होंने वरिष्ठ कर्मचारियों से अपने अनुभव नई पीढ़ी को हस्तांतरित करने की अपील की। साथ ही स्पष्ट किया कि मुख्यालय में कार्यरत अधिकारी-कर्मचारी पूर्ण समर्पण से कार्य करें, अन्यथा आवश्यकता अनुसार उन्हें फील्ड में स्थानांतरित किया जा सकता है, जहां कार्मिकों की अधिक आवश्यकता है। बैठक में मुख्य अभियंता (एचआर) धीरेंद्र सिंह सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button