वट सावित्री व्रत पर 108 बरगद के पौधों का निःशुल्क वितरण
गायत्री परिवार के “वृक्ष गंगा अभियान” का शुभारंभ


भोपाल। अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान में गायत्री शक्तिपीठ भोपाल पर वट सावित्री व्रत के पावन अवसर पर “वृक्ष गंगा अभियान” का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं भारतीय संस्कृति संवर्धन के उद्देश्य से 108 वट वृक्ष (बरगद) के पौधों का निःशुल्क वितरण किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार, 15 मई 2026 को सायं 6:00 बजे श्रद्धालुओं एवं परिजनों को पूजन हेतु वट वृक्ष के पौधे प्रदान किए गए। अभियान के प्रति लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला तथा बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने पौधरोपण एवं संरक्षण का संकल्प लिया। गायत्री परिवार के अभियान प्रभारी राम प्रकाश गुप्ता ने बताया कि यह अभियान केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि धरती को हरा-भरा बनाने एवं पर्यावरण संरक्षण का व्यापक जनजागरण अभियान है। भारतीय संस्कृति में वट वृक्ष को दीर्घायु, संरक्षण एवं जीवन ऊर्जा का प्रतीक माना गया है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं एवं परिजनों से आग्रह किया कि पूजन उपरांत प्राप्त पौधों को मंदिर परिसर, कॉलोनी, पार्क अथवा अन्य उपयुक्त स्थानों पर रोपित कर उनके संरक्षण का संकल्प लें।
गायत्री परिवार ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में इस पुनीत अभियान से जुड़कर पर्यावरण संरक्षण में सहभागिता निभाने की अपील की है।


