सनराइजर्स हैदराबाद ने चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को पांच विकेट से हराकर आईपीएल 2026 के प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर लिया
आरसीबी, गुजरात और हैदराबाद प्लेऑफ में पहुंचीं; चेन्नई की उम्मीदें लगभग समाप्त


सनराइजर्स हैदराबाद ने चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को पांच विकेट से हराकर आईपीएल 2026 के प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर लिया है। अब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी), गुजरात टाइटंस और हैदराबाद की टीम प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर चुकी हैं। वहीं, आखिरी स्थान के लिए मुकाबला अभी जारी है। सोमवार को एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई ने 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 180 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद की टीम ने ईशान की शानदार 70 रन की पारी की बदौलत 19 ओवर में पांच विकेट खोकर 181 रन बना लिए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।आईपीएल 2026 के प्लेऑफ की तस्वीर अब लगभग साफ हो चुकी है। अंक तालिका में शीर्ष-तीन स्थानों पर मौजूद आरसीबी (पहले), गुजरात (दूसरे) और हैदराबाद (तीसरे) ने क्वालिफाई कर लिया है। अब आखिरी स्थान के लिए जंग जारी है। फिलहाल चौथे स्थान पर पंजाब किंग्स है, जिसे अपना आखिरी मुकाबला लखनऊ के खिलाफ खेलना है। हालांकि, टीम ने पिछले छह मुकाबलों में हार दर्ज की है। आखिरी स्थान के लिए पंजाब किंग्स, राजस्थान रॉयल्स, चेन्नई सुपर किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच जंग जारी है। वहीं, मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जाएंट्स का सफर समाप्त हो चुका है।
अर्धशतक चूके ब्रेविस
टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी सीएसकेको संजू सैसमन और ऋतुराज गायकवाड़ की जोड़ी ने संभली हुई शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 2.3 ओवरों में 31 रन की साझेदारी की। संजू 13 गेंदों में 27 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद उर्विल पटेल (13) ने कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के साथ दूसरे विकेट के लिए 17 रन की साझेदारी की। गायकवाड़ ने कार्तिक शर्मा के साथ तीसरे विकेट के लिए 31 गेंदों में 42 रन जुटाकर टीम को 90 के स्कोर तक पहुंचाया। कार्तिक 19 गेंदों में 32 रन बनाकर आउट हुए। उनकी इस पारी में दो छक्के और तीन चौके शामिल रहे।
टीम को गायकवाड़ के रूप में चौथा झटका लगा, जिन्होंने 21 गेंदों में 15 रन बनाए। चेन्नई ने 100 के स्कोर पर अपना चौथा विकेट खो दिया था। यहां से डेवॉल्ड ब्रेविस ने शिवम दुबे के साथ 38 गेंदों में 59 रन जुटाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। ब्रेविस ने 27 गेंदों में चार छक्कों और दो चौकों के साथ 44 रन बनाए, जबकि शिवम दुबे ने 23 गेंदों में चार बाउंड्री के साथ 26 रन की पारी खेली। विपक्षी खेमे से कप्तान पैट कमिंस ने सर्वाधिक तीन विकेट हासिल किए, जबकि साकिब हुसैन ने दो विकेट निकाले। प्रफुल हिंगे और ईशान मलिंगा ने एक-एक सफलता अपने नाम की।
क्लासेन-ईशान ने सीएसके के मुंह से छीनी जीत
लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद ने महज 18 के स्कोर पर ट्रेविस हेड (6) का विकेट गंवा दिया था, जिसके बाद अभिषेक शर्मा ने ईशान किशन के साथ 31 गेंदों में 38 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 56 के स्कोर तक पहुंचाया। अभिषेक 21 गेंदों में 26 रन बनाकर पवेलियन लौटे। यहां से हेनरिक क्लासेन ने ईशान किशन के साथ तीसरे विकेट के लिए 41 गेंदों में 75 रन जोड़कर टीम को जीत की पटरी पर ला दिया।
क्लासेन 26 गेंदो में दो छक्कों और छह चौकों के साथ 47 रन बनाकर आउट हुए, जहां से ईशान किशन ने मोर्चा संभाला। किशन 47 गेंदों में तीन छक्कों और सात चौकों के साथ 70 रन की पारी खेलकर आउट हुए, जब तक ईशान का विकेट गिरा, तब तक टीम जीत की दहलीज तक पहुंच गई थी। सलिल अरोड़ा (10) और स्मरण रविचंद्रन (5) ने नाबाद रहते हुए टीम को प्लेऑफ का टिकट दिलाया। विपक्षी खेमे से मुकेश चौधरी ने सर्वाधिक दो विकेट हासिल किए, जबकि अंशुल कंबोज, नूर अहमद और अकील हुसैन ने एक-एक विकेट निकाला।



