खबरमध्य प्रदेशहेल्थ

रवीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

भोपाल, 21 जून 2026।
12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रवीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय, रायसेन के चिकित्सा संकाय के योग विभाग द्वारा आयुष मंत्रालय, भारत सरकार की थीम “Yoga for Healthy Ageing” के अनुरूप भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय परिसर स्थित मुक्तधारा नाट्य विद्यालय में किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के 100 से अधिक विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अटल बिहारी वाजपेयी हिंदी विश्वविद्यालय, भोपाल के योग विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. राहुल शर्मा रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि, विश्वविद्यालय की रजिस्ट्रार, चिकित्सा संकाय के अधिष्ठाता डॉ. सी.पी. मिश्रा एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
इसके उपरांत योग विभागाध्यक्ष डॉ. रत्नेश पाण्डेय ने मुख्य अतिथि का परिचय देते हुए सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि योग केवल एक दिवस का आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन जीने की निरंतर साधना है।
मुख्य अतिथि डॉ. राहुल शर्मा ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि “योग भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा का अमूल्य उपहार है, जो आज पूरे विश्व को स्वस्थ जीवन की दिशा प्रदान कर रहा है। योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि मन, बुद्धि और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने वाली जीवनशैली है।”
उन्होंने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया। योगाभ्यास के दौरान उन्होंने प्रत्येक आसन की वैज्ञानिक उपयोगिता एवं स्वास्थ्य लाभों की जानकारी देते हुए बताया कि नियमित योग करने से तनाव कम होता है, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, मानसिक एकाग्रता विकसित होती है तथा व्यक्ति शारीरिक एवं मानसिक रूप से अधिक सक्षम बनता है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से प्रतिदिन योग को अपनी दिनचर्या का अनिवार्य हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय की रजिस्ट्रार ने कहा कि स्वस्थ शरीर और सकारात्मक सोच ही किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से योग के माध्यम से अनुशासित एवं स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया।
चिकित्सा संकाय के अधिष्ठाता डॉ. सी.पी. मिश्रा ने अपने उद्बोधन में कहा कि आधुनिक चिकित्सा विज्ञान भी आज योग की उपयोगिता को स्वीकार कर चुका है। नियमित योगाभ्यास अनेक जीवनशैली जनित रोगों की रोकथाम में प्रभावी भूमिका निभाता है तथा व्यक्ति के समग्र स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है।
कार्यक्रम का कुशल संचालन योग विभाग के सहायक प्राध्यापक श्री अखिलेश विश्वकर्मा ने किया। उन्होंने पूरे कार्यक्रम का प्रभावी संचालन करते हुए सभी गतिविधियों को सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराया।
कार्यक्रम के अंत में योग विभाग के श्री निखिल मोदी ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम राष्ट्रगान के साथ संपन्न हुआ।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का यह आयोजन प्रतिभागियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक एवं ऊर्जा से भरपूर रहा। कार्यक्रम ने स्वस्थ जीवनशैली, योग के प्रति जागरूकता तथा भारतीय सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।

योग विभाग, चिकित्सा संकाय
रवीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय, रायसेन (म.प्र.)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button