गंजेपन और हकलाने से नफरत: क्या पुलिस के सामने सिया रच रही झूठी कहानी? व्हाट्सएप चैट्स से चौंकाने वाला खुलासा
पुणे के लोहागढ़ किले में हुए केतन अग्रवाल हत्याकांड में हर दिन नए और हैरान करने वाले खुलासे हो रहे हैं। लोनावला पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि मुख्य आरोपी सिया गोयल पूछताछ के दौरान लगातार अपने बयान बदल रही है। पुलिस ने जब सिया और केतन के मोबाइल फोन की जांच की, तो उसमें मिले चैट सिया के दावों से बिल्कुल अलग कहानी बयां कर रहे हैं।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मुख्य आरोपी सिया अब पूछताछ में मनगढ़ंत कहानियां गढ़ने लगी है। एक अधिकारी ने बताया कि सिया ने पुलिस को दावा किया कि उसने केतन अग्रवाल को साफ बता दिया था कि वह उससे शादी नहीं करना चाहती। सिया का कहना है कि इसके जवाब में केतन हमेशा कहता था कि अब बहुत देर हो चुकी है, बात बहुत आगे बढ़ गई है और अब कुछ नहीं किया जा सकता।मोबाइल चैट ने खोली सिया के दावों की पोल
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उनके पास सिया और केतन दोनों के मोबाइल फोन मौजूद हैं। इन फोन से बरामद किए गए चैट्स सिया की बातों को पूरी तरह झुठलाते हैं। अधिकारियों के मुताबिक, शादी से पहले दोनों के बीच हुई बातचीत से साफ है कि वे एक सामान्य और खुशहाल कपल की तरह बात कर रहे थे। चैट में दोनों एक-दूसरे के प्रति काफी लगाव और प्यार जता रहे थे। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘फोन से जो चैट मिले हैं, उनके आधार पर सिया के दावों पर भरोसा नहीं किया जा सकता। पुलिस ने साफ किया है कि इस पूरे मामले की हर मुमकिन एंगल से बारीकी से जांच की जा रही है ताकि सच सामने आ सकेकेतन के हकलाने और गंजेपन से परेशानी!
दूसरी ओर पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सिया को केतन का गंजापन बिल्कुल पसंद नहीं था। इसके साथ ही केतन को बोलने में थोड़ी दिक्कत थी और वह कभी-कभी हकलाता था। सिया इस बात से बेहद नफरत करती थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सिया ने दावा किया कि उसने यह बात अपने परिवार को भी बताई थी, लेकिन उन्हें इससे कोई दिक्कत नहीं थी। पुलिस की पूछताछ में सिया ने दावा किया था कि उसने केतन को शादी के लिए मना कर दिया था। लेकिन केतन के फोन से मिले चैट कुछ और ही कहानी कह रहे हैं। केतन के सामने सिया एक आदर्श मंगेतर होने का नाटक करती थी। वह चैट पर उससे बेहद प्यार से बात करती थी ताकि केतन को कोई शक न हो।


