
भोपाल, 26 जून 2026। करबला के शहीदों की याद में शुक्रवार को राजधानी भोपाल में मोहर्रम का मुख्य मातमी जुलूस निकाला गया। पंचशील नगर, जनता कालोनी, भीमनगर और पुराने शहर के फतेहगढ़, इमामी गेट, हमीदिया रोड और करोंद से ताजिए, बुर्राक और इस्लामी परचम के साथ जुलूस रवाना हुए। सैकड़ों अकीदतमंद नंगे पैर तपती सड़क पर अलम लेकर “या हुसैन” की सदाओं के साथ चले। दोपहर 1 से 2 बजे के बीच सभी जुलूस इमामी गेट चौराहे पर इकट्ठा हुए, जहां सामूहिक सीना-ज़नी और नौहाख्वानी की गई। इसके बाद जुलूस वीआईपी रोड होते हुए करबला पहुंचा। गर्मी के बीच नंगे पैर चल रहे अकीदतमंदों को राहत देने के लिए रास्ते में जगह-जगह सबीलें लगाई गईं। लोगों ने पैरों पर पानी डालकर और शरबत पिलाकर सेवा भाव दिखाया। आल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी के अध्यक्ष इस्माइल खान ने कहा कि जनता कालोनी से हम कई वर्षों से जुलूस निकाल रहे हैं खास बात यह है कि इसमें हिंदू और मुस्लिम समाज के लोग शामिल हैं। वहीं भीम आर्मी से दानिश खान ने बताया कि गौरतलब है कि 7वीं मोहर्रम 25 जून को भी हजरत अली असगर की शहादत की याद में शहर में मातमी मजलिसें हुई थीं। 10वीं मोहर्रम यानी आशूरा के दिन 680 ईस्वी में कर्बला में हजरत इमाम हुसैन अपने 72 साथियों के साथ शहीद हुए थे। आज उन्हीं की याद में जुलूस निकाला गया।





