मुझे वैभव सूर्यवंशी की नहीं…’, इंग्लैंड के दिग्गज ने बताई भारतीय टीम की असली चुनौती

भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी भले ही इंग्लैंड दौरे पर अब तक बड़ी पारी नहीं खेल पाए हों, लेकिन उनकी प्रतिभा ने क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींचा है. इसी बीच इंग्लैंड के पूर्व ऑलराउंडर मोईन अली ने 15 वर्षीय बल्लेबाज को लेकर एक बयान दिया है.
मैनचेस्टर में टी20 इंटरनेशनल डेब्यू करने वाले वैभव अभी तक आईपीएल 2026 जैसी धमाकेदार बल्लेबाजी नहीं दिखा सके हैं. हालांकि, मोईन अली का मानना है कि युवा बल्लेबाज के पास असाधारण प्रतिभा है और फिलहाल उनके खेल को लेकर ज्यादा चिंता करने की जरूरत नहीं है.
वैभव की नहीं मुझे मिडिल ऑर्डर की ज्यादा चिंता
बेयर बिफोर विकेट पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान मोईन अली ने कहा, “अगर वह अगले दो, तीन या पांच मैचों में रन नहीं बनाते हैं, तो यह एक मुद्दा बन सकता है. लेकिन मुझे अब भी लगता है कि वह बेहद शानदार खिलाड़ी हैं. जिस तरह वह बल्लेबाजी करने जाते हैं, उसे मैं कमजोरी नहीं मानता. मैंने उन्हें उन्हीं गेंदों पर छक्के लगाते देखा है. मुझे उनकी चिंता नहीं है, बल्कि मिडिल ऑर्डर की ज्यादा चिंता है.”
इंग्लैंड ने बनाया है खास प्लान
इसी पॉडकास्ट में इंग्लैंड के अनुभवी लेग स्पिनर आदिल रशीद ने भी वैभव सूर्यवंशी को लेकर अपनी टीम की रणनीति का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि इंग्लैंड की गेंदबाजी इकाई ने युवा बल्लेबाज की कमजोरियों पर काम किया है और उसी के अनुसार योजनाएं बनाई हैं.
रशीद ने कहा, “उन्होंने अभी ज्यादा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेली है. लोग उन्हें आईपीएल में जरूर देख चुके हैं. हमने भी देखा है कि उन्हें कहां परेशानी होती है और एक गेंदबाजी यूनिट के तौर पर हम उसी योजना को लागू करने की कोशिश कर रहे हैं.” उन्होंने आगे कहा कि भारतीय टीम मैनेजमेंट ने वैभव को स्वाभाविक खेल खेलने की पूरी आजादी दी है, लेकिन असली परीक्षा तब होगी जब उन्हें अलग-अलग परिस्थितियों और खराब फॉर्म का सामना करना पड़ेगा.
तीसरे टी20 में भी नहीं चली थी बल्लेबाजी
नॉटिंघम में खेले गए तीसरे टी20 मुकाबले में भारत को 125 रन से करारी हार झेलनी पड़ी थी, जो रन के लिहाज से टीम की सबसे बड़ी टी20 हार थी. वैभव ने उस मैच में सिर्फ 5 गेंदों पर 13 रन बनाए थे. हालांकि उनका स्ट्राइक रेट 260 का रहा, लेकिन वह टीम को बड़ी हार से नहीं बचा सके. अब ब्रिस्टल में होने वाले चौथे टी20 में एक बार फिर सभी की निगाहें युवा बल्लेबाज पर होंगी, जिनसे भारतीय टीम और प्रशंसकों को बड़ी पारी की उम्मीद है.



