खबर

शादी समारोह में भीषण आग लगने से 22 लोगों की मौत, मची अफरा तफरी

कांगो की राजधानी किन्शासा में एक शादी समारोह के दौरान आग लगने से कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई। क्षेत्रीय मेयर ने शनिवार को यह जानकारी दी। उत्तरी किन्शासा के लिंगवाला इलाके में एक इमारत में शुक्रवार देर रात लगी आग शनिवार तड़के तक जारी रही। हादसे में कई अन्य लोग घायल हुए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ लोगों को जिंदा और कुछ को मृत अवस्था में सड़क किनारे लिटाया गया, जबकि समारोह में शामिल लोगों ने जीवित बचे लोगों की मदद करने की कोशिश की। आग से बचने की कोशिश कर रहे लोगों के कारण इमारत के संकरे गलियारे भीड़ से भर गए थे। लिंगवाला मेयर नॉर्बर्ट मुशिंगा ने कांगोलीज प्रेस एजेंसी को बताया कि फिलहाल मृतकों की संख्या 22 है और इसके बढ़ने की आशंका है। आग लगने के सटीक कारण की पुष्टि नहीं हो सकी है।

कांगो के उप प्रधानमंत्री और गृह मंत्री जैक्वेमिन शाबानी ने इसे ”एक त्रासदी” बताया। उन्होंने शनिवार सुबह घटनास्थल का दौरा किया। किन्शासा के घनी आबादी वाले इलाकों में जानलेवा आग लगने की घटनाएं आम हैं। स्थानीय मीडिया के अनुसार, शहरी विकास के साथ दमकल सेवाओं जैसी आवश्यक सुविधाओं का पर्याप्त विस्तार नहीं होने के कारण स्थिति और गंभीर हो जाती है। शुष्क मौसम के दौरान ऐसी घटनाएं अधिक होती हैं और इस साल भी आग लगने की कई घटनाएं सामने आई हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button