खबर

मिर्जापुर में बड़ा हादसा: ब्लास्टिंग के कंपन से धराशाई हुआ क्रशर प्लांट का डग, सोनभद्र के चार दबे; मौत

मिर्जापुर के अहरौरा के भगौती देई क्रशर प्लांट पर शनिवार दोपहर ब्लास्टिंग के कंपन से कमरा और डग धराशायी हो गया। कमरे में मौजूद सोनभद्र के चार मजदूरों की दबकर मौत हो गई। मरने वालों की पहचान सोनभद्र के चोपन थाना क्षेत्र के बड़ागांव निवासी लालबहादुर (35), अशोक (35) , राकेश (28) और दुर्योधन (28) के रूप में हुई है।

हादसे के बाद क्रशर प्लांट पर हड़कंप मच गया। प्लांट के मालिक अहरौरा के चौकिया गांव निवासी शिव कुमार सिंह उर्फ पिंटू पटेल और अन्य मजदूर और कार्य करने वाले पहुंचे। आनन-फानन में पोकलैंड से चारों मजदूरों को बाहर निकाला गया। तब तक मौत हो चुकी थी। क्रशर प्लांट का लाइसेंस पिंटू पटेल की पत्नी नीलम के नाम पर है।
स्थानीय मजदूरों ने बताया कि दोपहर में क्रशर प्लांट पर कार्य चल रहा था। दोपहर में एक से दो बजे के बीच ब्लास्टिंग होती है। ब्लास्टिंग के दौरान पत्थर छिटककर न लगे, इसके लिए काम कर रहे मजदूर डग के पास बने कमरे में चले गए। डग और कमरा क्रशर प्लांट पर किनारे की ओर बना था। ब्लास्टिंग के चलते कंपन से कमरा और डग भसककर धराशायी हो गया।

क्रशर प्लांट संचालक बिना पुलिस-प्रशासन को सूचना दिए चारों के शव लेकर चले गए। मजदूरों ने बताया कि अस्पताल ले जाया जा रहा है। सूचना पर काफी देर बाद पुलिस और प्रशासन की टीम पहुंची। संपर्क किया तो पता चला कि चारों की मौत हो गई है। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

क्रशर प्लांट पर कमरा किनारे की ओर है। चारों मजदूर कमरे में थे। दोपहर में ब्लास्टिंग के दौरान कंपन से कमरा भसककर गिरने की बात सामने आई है। मलबे में दबकर चारों मजदूरों की मौत हो गई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मामले की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button