खबर

नेपाल तबाही में चमत्कार; 11 दिन से मलबे में दबी महिला मिली जिंदा, बचाव दल ने खुदाई कर निकाला बाहर

नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन से हुई भीषण तबाही के बीच 11 दिन बाद एक ऐसा रेस्क्यू हुआ, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। नुवाकोट जिले के बेत्रावती इलाके में बचाव दल ने करीब 11 दिन से मलबे में फंसी एक महिला को जिंदा बाहर निकाल लिया। महिला की पहचान बिदुर म्युनिसिपैलिटी-10 की रहने वाली चंदिका श्रेष्ठ के तौर पर हुई है। उनकी उम्र करीब 55-56 साल बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, चंदिका श्रेष्ठ आनंद श्रेष्ठ के घर के अंदर मलबे में फंस गई थीं। त्रिशूली नदी में आई भीषण बाढ़ और उसके बाद हुए भूस्खलन के कारण घर का एक हिस्सा मिट्टी और मलबे में दब गया था।

 

शनिवार को राहत और बचाव अभियान के दौरान पुलिस को इस घर के अंदर से इंसानी आवाज सुनाई दी। आवाज मिलने के बाद पुलिस और बचाव दल ने तुरंत वहां पहुंचकर मलबा हटाने का काम शुरू किया। नुवाकोट के पुलिस अधिकारी बिपिन रेग्मी के मुताबिक, टीम को आधे दबे घर के अंदर से इंसानी आवाज सुनाई देने की सूचना मिली थी। इसके बाद बचावकर्मियों ने बेहद सावधानी से खुदाई शुरू की।

काफी देर की मेहनत के बाद टीम को मलबे के अंदर चंदिका श्रेष्ठ जिंदा मिलीं। उन्हें बाहर निकालते ही मौके पर मौजूद लोगों और बचावकर्मियों में खुशी और राहत का माहौल बन गया।सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि मलबे में करीब 11 दिन तक फंसे रहने के बावजूद चंदिका श्रेष्ठ बोल पा रही थीं। उन्हें रेस्क्यू करने के तुरंत बाद इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

 

इतने लंबे समय तक मलबे के भीतर रहने के बाद उनका जिंदा मिलना राहत एवं बचाव अभियान से जुड़े लोगों के लिए बेहद असाधारण घटना मानी जा रही है। बता दें कि कुछ दिन पहले त्रिशूली नदी में आई भीषण बाढ़ और भूस्खलन ने नुवाकोट समेत आसपास के इलाकों में भारी तबाही मचाई थी। कई घर और अन्य ढांचे मलबे में दब गए थे। बड़ी संख्या में लोग लापता बताए गए थे और बचाव दल लगातार मलबे में लोगों की तलाश कर रहे थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button