खबरमध्य प्रदेश

ब्रह्माकुमारीज़ मूल्य उपवन में शिक्षाविद सम्मान एवं स्नेह मिलन समारोह संपन्न सार्वभौमिक जीवन मूल्य ही हमें आपस में जोड़कर रखते हैं

वास्तव में देखा जाए तो सत्य, विश्वास, प्रेम, करुणा जैसे जीवन मूल्य ऐसे मूल्य हैं, जिनकी जरूरत हर कोई महसूस करता है, क्योंकि इन जीवन मूल्यों से ही जीवन आसान और सरस लगता है। ये ही वे मूल्य हैं जो हमें आपस में जोड़कर रखते हैं।
उक्त विचार ब्रह्मा कुमारीज़ पुणे से पधारे लाइफ़ कोच, बी के दत्ता रोकड़े ने अंतर्राष्ट्रीय शिक्षक दिवस के अवसर पर ब्रह्मा कुमारीज़ मूल्य उपवन अचारपुरा भोपाल द्वारा आयोजित शिक्षाविद् सम्मान एवं स्नेह मिलन समारोह में व्यक्त किये। इस अवसर पर “सार्वभौमिक जीवन मूल्य: समीक्षा एवं निष्कर्ष” विषय पर विचार विनिमय भी आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए, ब्रह्मा कुमारीज़ मूल्य उपवन अचारपुरा भोपाल की निदेशक बी के किरण ने सभी शिक्षाविदों का अभिनंदन किया और संगोष्ठी का निष्कर्ष प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि “समयसूचकता” ऐसा जीवन मूल्य है जो मूल्य को भी वांच्छित महत्व प्रदान करता है, सटीक प्राथमिकता का चयन करता है और हमें नैतिक दुविधा से उबारता है, जिससे जीवन एक सुमधुर संगीत बन जाता है।

वेटरन एचीवर्स अवॉर्ड 2026 से अलंकृत सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर अवधेंद्र प्रताप सिंह ने नई पीढ़ी को मूल्यों से गढ़ने पर जोर दिया।

आर के डी एफ यूनिवर्सिटी के डायरेक्टर जनरल वी के सेठी, जो कि विख्यात सोलर साइंटिस्ट भी हैं ने कहा कि वैज्ञानिक शोधों के लिए भी शांति, एकाग्रता और समर्पणमयता जैसे जीवन मूल्यों की आवश्यकता होती है।

राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय भोपाल के असिस्टेंट डायरेक्टर प्रदीप रूसिया ने वैल्यूज इन द एज ऑफ A I विषय पर अपना विशिष्ट उद्बोधन देते हुए कहा कि उसका सदुपयोग हमें शीर्ष पर ले जा सकता है और दुरुपयोग गर्त में। लेकिन उसके सदुपयोग के लिए, जिम्मेवारी, शुभ भावना और सत्यता जैसे जीवन मूल्य अपरिहार्य हैं।
सभी शिक्षाविदों का प्रशस्ति पत्र, पट्टा व पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया।
संस्थानों के निदेशक, महाविद्यालयों के प्राचार्य, डीन, प्रोफेसर और विद्यालयों के प्राचार्य व शिक्षकों ने कार्यक्रम में भाग लिया। लगभग 90 शिक्षाविद् उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button