पश्चिमी क्षेत्र के चयनित सरकारी एवं निजी माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और शिक्षकों के दो दिवसीय सम्मेलन क्षेत्रीय शिक्षा संस्थान भोपाल के अहिल्याबाई होल्कर सभागार में शुरू

शिक्षक शिक्षा के व्यावहारिक प्रशिक्षण (इंटर्नशिप) को राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के साथ एकीकृत करते हुए और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पश्चिमी क्षेत्र के चयनित सरकारी एवं निजी माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों के दो दिवसीय सम्मेलन का आज क्षेत्रीय शिक्षा संस्थान,भोपाल के अहिल्याबाई होल्कर सभागार में शुभारंभ हुआ। सम्मेलन का उद्घाटन क्षेत्रीय शिक्षा संस्थान के प्राचार्य प्रोफेसर शिव कुमार गुप्ता ने डीन अकादमिक प्रो.जयदीप मंडल और सभी विभागाध्यक्षों की उपस्थित में माँ शारदे के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से किया। इस सम्मेलन के संयोजक एवं संस्थान की इंटर्नशिप समिति के अध्यक्ष डाॅ. संजय कुमार पंडागले से सम्मेलन के महत्व एवं रुपरेखा को रेखांकित करते हुए सभी आगंतुक संस्था प्रमुखों एवं शिक्षकों से शिक्षक शिक्षार्थियों के शिक्षण कौशल को निखारने में उनके सकारात्मक सुझावों एवं मार्गदर्शन की आवश्यकता पर बल दिया। डीन प्रो.जयदीप मंडल एवं विस्तार शिक्षा विभाग की अध्यक्षा प्रो.रत्नमाला आर्या ने इंटर्नशिप के दौरान विद्यालयों में शिक्षार्थियों से अधिकतम सीखने के परिवेश के सृजन का आह्वान संस्थान प्रमुखों एवं आगंतुक शिक्षकों से किया। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में संस्थान के प्राचार्य प्रोफेसर शिव कुमार गुप्ता ने इंटर्नशिप को शिक्षक शिक्षार्थियों के लिए अवसर व चुनौतियों का समेकित प्रशिक्षण काल बताते हुए कहा कि सही मायने में नेतृत्व, शैक्षिक प्रशासन एवं वक्तृता कौशल को बेहतर बनाने का यह अनुपम प्रयास है जिसको शिक्षार्थियों को गंभीरतापूर्वक व मनोयोग से करना होगा। उन्होंने शिक्षक शिक्षार्थियों से उपलब्ध संसाधनों के बेहतर संयोजन से व्यक्तिगत व सामाजिक जीवन को बेहतर बनाकर शिक्षण में कुशलता प्राप्त करने की शुभकामनाएं दी। सम्मेलन का संचालन संयोजक डाॅ.संजय पंडागले एवं धन्यवाद ज्ञापन इंटर्नशिप समिति की वरिष्ठ सदस्या प्रो.रश्मि शर्मा ने किया। इस अवसर पर देश के पश्चिमी क्षेत्र के केन्द्रीय विद्यालय खरगोन, भोपाल नं.1 एवं 2, एलन पब्लिक स्कूल बेमतारा, छत्तीसगढ, राजाराम विद्या मंदिर,नांदेण, महाराष्ट्र,जेपी इंटरनेशनल,कांकेर, छत्तीसगढ,डीपीएस छिंदवाड़ा, भंडारी हाइट्स स्कूल छत्तीसगढ, जवाहर नवोदय विद्यालय,रतिबाड़ और अशोकनगर,सुभाष एक्सीलेंस,सरोजनी नायडू,ग्रीन वैली, एकलव्य माॅडल आवासीय खंडवा सहित 24 विद्यालयों के 80 प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों सहित क्षेत्रीय शिक्षा संस्थान के सभी शिक्षार्थी एवं संकाय सदस्य उपस्थित रहे। कल द्वितीय दिवस चार सत्रों में विभिन्न विषयों पर चर्चा व व्याख्यान सत्रों का आयोजन होगा।

