खबर

दादा के बैंक खाते पर पोते ने ही डाला डाका, 29.50 लाख उड़ाकर दोस्तों संग की अय्याशी

महंगे शौक, लग्जरी यात्राओं और दोस्तों के साथ पार्टियां करने के लिए नौसेना के 87 वर्षीय सेवानिवृत्त कर्मी के बैंक खाते से 29.50 लाख रुपये अवैध रूप से निकालने के आरोप में उनके पोते समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजीव कुमार ने बताया कि आरोपियों की पहचान बुलंदशहर निवासी अभिषेक राघव (22) और तुषार चौधरी (22) के रूप में हुई है। अभिषेक पीड़ित का पोता और शिकायतकर्ता का बेटा है, जबकि तुषार उसका सहयोगी है।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता अश्विनी राघव ने आरोप लगाया था कि अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच उनके 87 वर्षीय पिता जगदीश सिंह के बैंक खाते से धोखाधड़ी कर पैसे निकाले गए तथा जांच में खाते से कुल 29,50,892 रुपये की रकम निकाले जाने का पता चला। डीसीपी ने बताया कि बैंक खातों के विवरण और वित्तीय लेनदेन का विश्लेषण करने पर पता चला कि ठगी की रकम में से 9,26,892 रुपये अभिषेक के इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक खाते में और 20,24,000 रुपये तुषार के पंजाब नेशनल बैंक खाते में स्थानांतरित किए गए थे।

उन्होंने कहा कि जांच में सामने आया कि अभिषेक का मोबाइल नंबर उसके दादा के बैंक खाते से जुड़ा हुआ था और उसने बैंक खाते से संबंधित विवरण का कथित तौर पर दुरुपयोग कर अपने सहयोगी तुषार के साथ मिलकर धोखाधड़ी को अंजाम दिया। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। कुमार ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि उन्होंने ठगी की रकम से मनाली, नैनीताल और ओडिशा की यात्राएं कीं तथा नोएडा में दोस्तों के साथ पार्टियां करने और अन्य निजी शौक पर पैसे खर्च किए।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने ठगी की रकम से 2.75 लाख रुपये में एक कार भी खरीदी और उसमें 1.25 लाख रुपये का म्यूजिक सिस्टम लगवाया। अधिकारी ने बताया कि कार को जब्त कर लिया गया है और आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। उनके मुताबिक, दोनों आरोपियों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है। अधिकारी ने बताया कि पुलिस शेष रकम का पता लगाने और अन्य संभावित सहयोगियों की भूमिका की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button