महिला हेड कांस्टेबल ने रची ASI प्रेमी की ह’त्या की साजिश, शव कार में जलाकर मिटाए सबूत, 4 गिरफ्तार

जरात के अरावली जिले में पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने साबरकांठा जिले के चिथोड़ा पुलिस स्टेशन में तैनात असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) अश्विनभाई ताबियाद (45) की हत्या के आरोप में उसी थाने की महिला हेड कांस्टेबल अल्फ़ाबेन केलासवा (37) और उसके तीन साथियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने हत्या के बाद सबूत मिटाने के उद्देश्य से एएसआई के शव को उनकी ही मारुति अर्टिगा कार में रखकर हाथमती नदी के पास पेट्रोल से जला दिया था।
प्रेम संबंध खत्म करने पर विवाद, घर बुलाकर की हत्या
जांच में सामने आया है कि 37 वर्षीय अल्फ़ाबेन और 45 वर्षीय अश्विनभाई के बीच काफी समय से संबंध थे और दोनों पड़ोसी जिले साबरकांठा के चिथोड़ा पुलिस स्टेशन में साथ काम करते थे। अल्फ़ाबेन इस रिश्ते को खत्म करना चाहती थी, लेकिन अश्विनभाई उस पर रिश्ता बनाए रखने का दबाव बना रहा था। इसी विवाद के चलते अल्फ़ाबेन ने 8 नवंबर की रात अश्विनभाई को चिथोड़ा स्थित अपने किराये के मकान पर बुलाया, जहां उसने रात में उसकी हत्या कर दी।
शव को बोरी में बंद कर जंगल ले गए, नदी किनारे लगाई आग
9 नवंबर की सुबह अल्फ़ाबेन ने अपने भाई कल्पेशभाई केलासवा (36) को मदद के लिए बुलाया। कल्पेश अपने चचेरे भाई पंकजकुमार केलासवा (28) के साथ मारुति ईको कार में वहां पहुंचा। तीनों ने मिलकर अश्विनभाई के शव को एक बोरी में पैक किया और दिन भर घर में छिपाकर रखा। इसके बाद पंकज एएसआई की अर्टिगा कार चलाकर पास के जंगल ले गया, जबकि अल्फ़ाबेन और कल्पेश ईको कार से पीछे-पीछे गए।
देर रात कल्पेश और उसके दोस्त मनोजकुमार नीनामा (33) ने विजयनगर के पेट्रोल पंप से पेट्रोल खरीदा। इसके बाद वे शव को अर्टिगा कार में शिफ्ट कर हाथमती नदी के किनारे ले गए, जहां अल्फ़ाबेन, कल्पेश और मनोज ने शव व वाहन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। आग लगाते समय लपटें अचानक भड़क उठने से अल्फ़ाबेन का चेहरा, हाथ और शरीर झुलस गया।
10 नवंबर को मिला जलता हुआ कंकाल, CCTV और DNA जांच से खुला राज
यह खौफनाक वारदात 10 नवंबर को तब सामने आई जब स्थानीय लोगों ने अरावली के भिलोड़ा इलाके में पूरी तरह जली हुई मारुति अर्टिगा कार देखी, जिसके अंदर से मानव कंकाल बरामद हुआ। शुरुआत में दुर्घटना का मामला दर्ज किया गया था, लेकिन मृतक के भाई सिद्धराज ताबियाद की शिकायत के आधार पर पुलिस ने 16 नवंबर को हत्या की प्राथमिकी दर्ज की।
अरावली के पुलिस अधीक्षक (SP) मनोहरसिंह जाडेजा ने बताया कि पुलिस टीमों ने आसपास के कस्बों के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज, तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय सूचनाओं की मदद से मामले का खुलासा किया। पुलिस ने कंकाल की पहचान की पुष्टि के लिए उसके और मृतक के पिता के डीएनए (DNA) सैंपल एकत्र किए। अस्पताल में भर्ती झुलसी हुई अल्फ़ाबेन से पूछताछ और अन्य तीन आरोपियों को हिरासत में लेने के बाद चारों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल मारुति ईको कार को जब्त कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




