फसल बेचकर बैंक से निकले किसान से लूट, सांसी गैंग से जुड़े एक नाबालिग ने 3.50 लाख रुपये निकाले
ग्वालियर में फसल बेचकर बैंक से रुपये निकाल कर निकले एक किसान के बैग से सांसी गैंग से जुड़े एक नाबालिक द्वारा 3.50 लाख रुपये निकाल लिए गए और मौके से दौड़ लगा दी। किसान और बैंक के बाहर खड़े अन्य लोगों की नजर जब नाबालिग पर पड़ी तो तुरंत उसे दौड़कर दबोच लिया गया। नाबालिक से रुपये भी बरामद हो गए और पुलिस ने उसे अभिरक्षा में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मामला ग्वालियर के भितरवार थाना क्षेत्र का है। जहां मस्तूरा गांव के रहने वाले नरेंद्र सिंह जाट अपनी फसल बेचने के बाद बैंक से रुपये निकालने के लिए पहुंचे थे। रुपये निकाल कर उन्होंने अपने बैग में रख लिए और बैग गाड़ी पर टांग लिया था। इस बीच उनकी नजर चुकी तो एक किशोर दौड़ता हुआ आया और उनके बैग से रुपये निकाल कर भागने की कोशिश करने लगा।
इस दौरान किसान और आसपास खड़े लोगों ने भी दौड़ लगा दी और आरोपी को तत्काल मौके पर ही दबोच लिया। साथ ही मामले की सूचना पुलिस को दी गई और मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से साढ़े तीन लाख रुपये भी बरामद कर लिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निरंजन शर्मा का कहना है, आरोपी नाबालिग है और इलाके में सक्रिय सांसी गैंग का सदस्य है। इस गैंग से जुड़े लोग इसी तरह चोरी और लूट की वारदातें करते हैं। फिलहाल, आरोपी को बाल संप्रेषण गृह भेज दिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी चेक कर रही है, जिससे गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार किया जा सके।


