लिविंगस्टोन-ब्रूक की मेहनत बेकार, जीता हुआ मैच हार गई इंग्लैंड; दक्षिण अफ्रीका ने दर्ज की 7 रन से रोमांचक जीत
ENG: दक्षिण अफ्रीका ने इंग्लैंड को 7 रन से हरा दिया है. यह सुपर-8 में दक्षिण अफ्रीका की लगातार दूसरी जीत रही, जिससे उसका सेमीफाइनल में जाना लगभग तय हो गया है. दक्षिण अफ्रीका ने इंग्लैंड के सामने 164 रन का लक्ष्य रखा था, जिसका पीछा करते समय इंग्लैंड ने बेहद खराब शुरुआत की और पहले 10 ओवर में टीम लड़खड़ाती दिखी. इंग्लिश टीम का स्कोर एक समय 11वें ओवर में 4 विकेट पर 61 रन था, जिसके बाद हैरी ब्रूक और लियाम लिविंगस्टोन की 78 रन की साझेदारी ने इंग्लैंड की मैच में वापसी तो करवाई, लेकिन आखिरी 2 ओवरों में मैच पूरी तरह पलट गया. लिविंगस्टोन ने 17 गेंद में 33 रन, वहीं ब्रूक ने 37 गेंद में 53 रन बनाए.
दक्षिण अफ्रीका ने बनाए 163 रन
दक्षिण अफ्रीका ने पहले खेलते हुए स्कोरबोर्ड पर 163 रन लगाए. क्विंटन डी कॉक और रीजा हेंड्रिक्स के बीच 86 रन की सलामी साझेदारी हुई. एक समय लग रहा था जैसे अफ्रीका आसानी से 200 रन का आंकड़ा पार कर जाएगी, लेकिन टीम ने मिडिल ओवरों में सिर्फ 52 रन बनाए. क्विंटन डी कॉक ने 38 गेंद में 65 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 4 छक्के शामिल रहे. वहीं डेविड मिलर ने भी 28 गेंद में 43 रन की पारी खेलकर दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 163 तक पहुंचाने में बड़ा योगदान दिया.

