गुरु नानक देव जी ने महिलाओं को बराबरी का दर्जा दिलाया – कमलजीत कौर
साकेत नगर गुरुद्वारा में मना प्रकाश पर्व, हजारों की संख्या में लोगों ने चखा लंगर


भोपाल, राजधानी में गुरु नानक देव जी की जयंती धूमधाम से मनाई गई। साकेत नगर गुरुद्वारा में सुबह से ही अरदास, कीर्तन का दौर जारी रहा है। गुरुद्वारा में हजारों की संख्या में लोगों ने लंगर चखा। साकेत नगर गुरुद्वारा के प्रमुख सेवादार हरदीप सिंह सैनी की धर्मपत्नी कमलजीत कौर ने प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दी और प्रदेश, देश और दुनिया में सुख समृद्धि की कामना की। कमलजीत कौर ने कहा कि आज गुरु नानक देव जी की जयंती है जिसे हम प्रकाश पर्व के रूप में मनाते हैं। गुरु नानक देव जी ने महिलाओं को बराबरी का दर्जा दिलाया। गुरु नानक देव जी का कहना था कि एक लड़की, एक महिला ही राजा को जन्म देती है तो उसे काम क्यों आंका जाए। कमलजीत कौर ने कहा कि हमें अपनी कमाई का दसवां हिस्सा दान करना चाहिए। साकेत नगर गुरुद्वारा में 12 महीने लंगर चलता है । यहां पर एम्स के मरीज, उनके परिजन और आसपास के लोग लंगर चखते हैं यह सबसे बड़ा पुण्य का काम है। उन्होंने कहा कि गुरुद्वारा में सुबह चाय दोपहर लंगर प्रसादी और शाम को भी लंगर की व्यवस्था रहती है। कमलजीत कौर ने हरमन प्रीत कौर की कप्तानी में भारत के महिला विश्व कप जीतने पर बधाई दी और कहा कि सिख समाज में लड़कियों को शिक्षा, खेल और रोजगार सभी के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।


