खेल

टीम इंडिया की लगातार दूसरी जीत, 93 रन से नामीबिया को धोया

टीम इंडिया की ये लगातार दूसरी जीत रही और इसके स्टार हार्दिक पंड्या रहे. भारतीय ऑलराउंडर ने पहले तो 28 गेंदों में 52 रन कूटे और फिर 4 ओवर में 2 विकेट भी झटके.टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ने लगातार दूसरे जीत दर्ज कर ली. अमेरिका को शिकस्त देने के बाद अपने दूसरे मैच में टीम इंडिया ने नामीबिया को 93 रन के बड़े अंतर से रौंद दिया. हार्दिक पंड्या के शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन और ईशान किशन-वरुण चक्रवर्ती के कमाल की मदद से टीम इंडिाया ने दिल्ली में खेला गया ये मैच जीता. भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 209 रन बनाए थे. इसके जवाब में नामीबिया की पूरी पारी 19वें ओवर में 116 रन पर खत्म हो गई. इस तरह टीम इंडिया ने ग्रुप ए में फिर से पहला स्थान हासिल कर लिया.

ईशान-हार्दिक के अर्धशतक

अरुण जेटली स्टेडियम में 12 फरवरी को खेले गए इस मैच में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी की थी. उसके लिए संजू सैमसन और ईशान किशन ने विस्फोटक शुरुआत करते हुए पावरप्ले में ही टीम को 86 रन तक पहुंचा दिया था. ईशान ने सिर्फ 20 गेंदों में अर्धशतक जमाया और 24 गेंदों में 61 रन बनाकर आउट हुए. वहीं उनके बाद हार्दिक पंड्या ने 28 गेंदों में 52 रन की तूफानी पारी खेली. हालांकि टीम इंडिया ने आखिरी 2 ओवर में सिर्फ 10 रन पर 5 विकेट गंवा दिए थे. नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरासमस ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए.

वरुण ने पलटी बाजी

इसके जवाब में नामीबिया ने विस्फोटक शुरुआत करते हुए पावरप्ले में ही 57 रन बना लिए. उसके लिए ओपनर यान फ्रायलिंक और लॉरेन स्टीनकैंप ने ताबड़तोड़ शॉट्स जमाए. मगर एक बार पावरप्ले खत्म हुआ तो नामीबिया की पारी लड़खड़ा गई. इसकी वजह बने वरुण चक्रवर्ती, जिन्होंने लगातार 2 ओवर में 3 विकेट झटक लिए. इसके बाद अक्षर पटेल ने भी 2 शिकार किए, जबकि हार्दिक पंड्या ने 18वें ओवर में लगातार 2 विकेट झटके.

भारतीय टीम की जीत

 

टीम इंडिया ने लगातार दूसरी जीत के साथ ही टी20 वर्ल्ड कप में अपने सफर को जारी रखा है. 19वें ओवर में आखिरी बल्लेबाज के हिटविकेट आउट होने के साथ ही नामीबिया की पारी सिर्फ 116 रन पर ढेर हो गई और इस तरह भारत ने 93 रन के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर ली.

  • हार्दिक पंड्या ने 18वें ओवर में लगातार 2 विकेट हासिल करते हुए नामीबिया को पस्त कर दिया है. उन्होंने पहले बर्नार्ड स्कॉल्ट्ज को आउट किया और फिर अगली गेंद पर बेन शिकोंगो को LBW आउट कर दिया.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button