ईरान की दो टूक- पलटवार जारी रहेगा; बमबारी में अब तक 215+ मौतें, 1000 से अधिक घायल
पश्चिम एशिया में तनाव के बीच अमेरिका और इस्राइल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ईरान पर हमला किया। ईरान के कई शहरों पर हवाई हमले हुए, दूसरे दिन भी जारी हैं। जवाब में ईरान ने भी कई देशों में बने अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले किए हैं। ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई सहित कई बड़े अधिकारी मारे गए हैं। होर्मुज की खाड़ी के पास एक तेल वाले जहाज पर हमला किए जाने की खबर है।इसमें टैंकर वाले इस जहाज पर 15 भारतीय भी सवार थे।
बमबारी में अब तक 215+ मौतें, 1000 से अधिक घायल
अमेरिका और इस्राइल की तरफ से की गई भीषण बमबारी के बावजूद ईरान ने पलटवार जारी रखने की कसम खाई है। देश के राष्ट्रपति और विदेश मंत्री ने साफ किया है कि ईरान पर युद्ध थोपा गया है।अल जजीरा की एक रिपोर्ट के मुताबिक बीते करीब 40 घंटे से अधिक समय की बमबारी में अब तक 215 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। ईरान के अलावा इस्राइल और आसपास के अन्य देशों को मिलाकर 1000 से अधिक लोग घायल हुए हैं। अकेले ईरान में 201 लोग जान गंवा चुके हैं, जबकि 740 से अधिक लोग घायल हुए हैं। मिसाइल, गोलाबारी और बमबारी की चपेट में आने वाले अन्य लोग ईराक, कुवैत, कतर, बहरीन, ओमान और यूएई के हैं। हताहतों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है।
इस्राइल और अमेरिका पर दबाव बनाएं पश्चिम एशिया और खाड़ी के देश: ईरानी विदेश मंत्री अराघची
अराघची ने युद्ध के उन्माद के बीच पश्चिम एशिया और अन्य खाड़ी देशों की भूमिका को लेकर कहा, ‘मैं इस इलाके में अपने सभी साथियों के संपर्क में रहा हूं। उन्हें ईरान का पक्ष अच्छे तरीके से समझाया गया है। उन्होंने कहा, ‘हम जानते हैं कि इस इलाके में बसे अन्य देशों की पोजीशन क्या है। वे खुश नहीं हैं, उनमें से कुछ तो गुस्से में भी हैं, कुछ इसे समझने की कोशिश कर रहे हैं। मैं चाहता हूं कि इस इलाके में जो हो रहा है, वह हमारी गलती या मर्जी से नहीं हो रहा है, इस बात को अन्य देश अच्छे से समझें। उन्होंने कहा कि यह युद्ध अमेरिका और इस्राइल ने थोपा है। इसलिए अगर इस क्षेत्र के देश अगर गुस्से में हैं, तो उन्हें इस्राइल और अमेरिका के खिलाफ क्रोधित होना चाहिए। इस युद्ध को रोकने के लिए दबाव ईरान पर नहीं, दूसरी तरफ डालना चाहिए।
हवाई हमले में ईरान के पूर्व राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद की मौत का दावा
ईरान के पूर्व राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद की मौत का दावा किया गया है। यह दावा ईरान की लेबर न्यूज एजेंसी ने अपनी एक रिपोर्ट में किया है। उनकी मृत्यु कथित तौर पर रविवार को हुए एक हवाई हमले के कारण हुई है।
ईरान ने अमेरिकी सेना के एयरक्राफ्ट कैरियर- अब्राहम लिंकन पर चार बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया
अमेरिका और इस्राइल की संयुक्त कार्रवाई का जवाब देने के लिए ईरान- ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस 4 चला रहा है। इस संबंध में देश के सुरक्षाबलों की तरफ से चौथा बयान जारी किया गया है। ईरान रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) की तरफ से जारी बयान में कहा गया कि ईरान की सेना ने दुश्मनों के ठिकानों पर हमले के बाद, अमेरिकी सेना के एयरक्राफ्ट कैरियर- अब्राहम लिंकन पर चार बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया है।
सीरिया के ऊपर ईरानी मिसाइल इंटरसेप्ट की गई
इस्राइल की तरफ से जारी बयान के हवाले से समाचार एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट में कहा गया कि इस्राइल ने सीरिया के ऊपर एक ईरानी मिसाइल को रोकने में कामयाबी पाई है। गृह मंत्रालय के सूत्र के हवाले से AFP ने बताया कि सीरिया में इंटरसेप्ट की गई मिसाइल में जोरदार धमाका हुआ जिसकी आवाज राजधानी दमिश्क तक सुनी गई।
इस्राइल के बेत शेमेश में मरने वालों की संख्या नौ हुई
अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक इस्राइल के बेत शेमेश इलाके में ईरानी बैलिस्टिक मिसाइल के हमले में मारे गए लोगों की संख्या नौ हो चुकी है।


