गायत्री शक्तिपीठ भोपाल पर लखन पटेल (पशुपालन एवं डेयरी विभाग, स्वतंत्र प्रभार मंत्री) ने संचालित गौशाला का निरीक्षण किया एवं गौमाता की विधिवत पूजा-अर्चना की


आज गायत्री शक्तिपीठ भोपाल पर लखन पटेल (पशुपालन एवं डेयरी विभाग, स्वतंत्र प्रभार मंत्री) पधारे। इस अवसर पर उन्होंने गायत्री परिवार द्वारा संचालित गौशाला का निरीक्षण किया एवं गौमाता की विधिवत पूजा-अर्चना की। निरीक्षण के दौरान मंत्री पटेल ने गौशाला के संचालन, पशुपालन व्यवस्था एवं दुग्ध उत्पादन को बढ़ाने हेतु शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं—विशेष रूप से नस्ल सुधार एवं अपग्रेडेशन—पर विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए आवश्यक मार्गदर्शन दिया। साथ ही गौ उत्पादों के संवर्धन एवं दुग्ध उत्पादन में वृद्धि के लिए भी प्रेरित किया। इस अवसर पर अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार से पधारे जगदीश चंद्र कुलमी (मध्यप्रदेश जोनल समन्वयक) एवं राजेश पटेल (व्यवस्थापक एवं म.प्र. जोन समन्वयक) की उपस्थिति में मंत्री पटेल का गायत्री मंत्र दुपट्टा, शॉल, श्रीफल एवं पान का पौधा भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। मंत्री ने श्री राम स्मृति उपवन के अंतर्गत संचालित स्वास्थ्य संवर्धन अभियान का भी अवलोकन किया तथा उपवन परिसर का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने बिल्वपत्र का पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में प्रदीप नीखरा, विनोद गुप्ता, सूरज परमार, अशोक नेमा, गायकवाड़ मिश्रा एवं जिला समन्वयक रमेश नागर सहित अनेक परिजन उपस्थित रहे।



