ऋषभ पंत की कप्तानी पारी से लखनऊ ने खोला जीत का खाता, हैदराबाद को 5 विकेट से दी मात


नई दिल्ली। कप्तान ऋषभ पंत (नाबाद 68) की शानदार बल्लेबाजी के दम पर लखनऊ सुपर जायंट्स ने रविवार को सनराइजर्स हैदराबाद को पांच विकेट से हरा दिया। इसी के साथ लखनऊ ने आईपीएल-2026 में जीत का खाता खोल लिया है। हैदराबाद ने लखनऊ के सामने 157 रनों की चुनौती रखी थी, लखनऊ ने 19.5 ओवरों में पांच विकेट खोकर ये टारगेट हासिल कर लिया।
इससे पहले, हेनरिक क्लासेन (62) और नीतीश कुमार रेड्डी (56) के बीच हुई 116 रनों की साझेदारी के दम पर सनराइजर्स हैदराबाद ने शानदार वापसी करते हुए 20 ओवरों में नौ विकेट खोकर 156 रन बनाए थे। एक समय हैदराबाद का स्कोर 10 ओवरों में 35 रनों पर चार विकेट था। यहां से फिर नीतीश और क्लासेन ने मोर्चा संभाला और तूफानी रफ्तार में रन बनाए। दोनों आखिरी तक टिक नहीं सके जिसके चलते हैदराबाद को 15-20 रनों का नुकसान उठाना पड़ा।क्लासेन ने 41 गेंदों का सामना कर पांच चौके और दो छक्के मारे। नीतीश ने 33 गेंदों पर तीन चौके और पांच छक्के मारे। इन दोनों ने अभिषेक शर्मा (0) ट्रेविस हेड (7) और ईशान किशन (1) के विकेट जल्दी खो दिए थे। इसके बाद नीतीश और क्लासेन ने कमाल किया। लखनऊ के लिए मोहम्मद शमी, आवेश खान और प्रिंस यादव ने दो-दो विकेट लिए। आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर पंत ने चौका मार लखनऊ को पांच विकेट से जीत दिला दी। वह 68 रन बनाकर नाबाद रहे। इसी के साथ लखनऊ ने अपना जीत का खाता खोल लिया है।



