50 देशों में गूंज चुका सुंदरकांड, रविंद्र भवन मुक्ताकाश में याज्ञिक बहायेंगे भक्ति रस की गंगा
भोपाल|श्री बाबूलाल भगवती सोनी ट्रस्ट के तत्वावधान में रविवार 26 अप्रैल को शाम 5:30 बजे रविंद्र भवन के मुक्ताकाश मंच पर “श्री राम भक्ति के संगीतमय अनुष्ठान” का आयोजन किया जाएगा। इसमें विश्व विख्यात गायक मानस मयंक पंडित अजय याज्ञिक सुंदरकांड की संगीतमय प्रस्तुति देंगे। यह आयोजन लगातार 18वें वर्ष में हो रहा है। इस वर्ष का विषय “जहां सुमति तहां संपत्ति नाना, जहां कुमति तहां विपत्ति निदाना” रखा गया है। ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रदीप सोनी एवं सचिव प्रमोद नेमा ने बताया कि कार्यक्रम में पधारने वाले श्रद्धालुओं का चंदन तिलक से स्वागत किया जाएगा तथा सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा की टीका पुस्तिका वितरित की जाएगी। बैठक व्यवस्था पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर रहेगी। समापन पर भगवान श्रीराम की आरती के साथ पुष्प वर्षा कर फूलहोली का आयोजन किया जाएगा।पंडित अजय याज्ञिक अंतरराष्ट्रीय स्तर के ख्याति प्राप्त कलाकार हैं और वे दुनिया के लगभग 50 देशों में सुंदरकांड की प्रस्तुति दे चुके हैं। वे राजधानी भोपाल में अब तक 18 विभिन्न विषयों पर सुंदरकांड प्रस्तुत कर चुके हैं। इन विषयों के माध्यम से वे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक, पर्यावरणीय और धार्मिक महत्व के साथ सुंदरकांड के प्रसंगों को सरल तरीके से समझाते हैं। उनका कहना है कि जहां भी वे सुंदरकांड का पाठ करते हैं, वहां उन्हें श्री हनुमान जी महाराज से संबंधित विषय पर बोलने की प्रेरणा प्राप्त होती है। ट्रस्ट के प्रवक्ता अंशुल जैन, गोविंद बंसल, अंकित शर्मा (गुट्टू भैया), संजय अग्रवाल पूरी प्रभात सोनी, राजेन्द्र गुप्ता,केशव फुलवानी, निहाल साहू सोनू सहित अन्य सदस्यों ने धर्मप्रेमी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने की अपील की है।



