भोपाल: श्री नारायण मिशन में तृतीय वार्षिक प्राण प्रतिष्ठा मां शारदा महोत्सव का भव्य शुभारंभ


भोपाल। श्री नारायण मिशन, भोपाल द्वारा तृतीय वार्षिक प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ रविवार, 19 अप्रैल 2026 से विधिवत रूप से हो गया। यह महोत्सव 23 अप्रैल 2026 तक विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों के साथ आयोजित किया जाएगा। महोत्सव का शुभारंभ प्रातः गणपति होम, गुरु पूजा एवं शारदा पुष्पांजलि के साथ हुआ। इसके पश्चात मिशन के अध्यक्ष श्री प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में केरल की प्रसिद्ध आध्यात्मिक प्रवक्ता सौम्या अनिरुद्धम उपस्थित रहीं। उन्होंने श्री नारायण गुरु के जीवन, उनके आदर्शों एवं समाज सुधार में उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं से उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने माँ शारदा देवी की महिमा और शारदा मठ की भूमिका की सराहना करते हुए सभी भक्तों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मिशन के सचिव श्री राजू बी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह महोत्सव पाँच दिनों तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन विशेष पूजा, प्रवचन एवं धार्मिक आयोजन होंगे। उन्होंने श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि वे सभी दिन उपस्थित होकर माँ शारदा देवी का आशीर्वाद प्राप्त करें। पहले दिन दोपहर में भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 300 से अधिक श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। वहीं शाम को विशेष पूजा-अर्चना एव भंडारा का आयोजन किए गए।श्री नारायण मिशन का यह महोत्सव 23 अप्रैल 2026 तक निरंतर जारी रहेगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।



