

इस्लामाबाद: पाकिस्तान ने अपने कथित स्वदेशी लड़ाकू विमान JF-17 थंडर ब्लॉक-III का फुल-स्केल फाइटर सिम्युलेटर बांग्लादेश को सौंप दिया है। इस सिम्युलेटर से बांग्लादेशी पायलट JF-17 लड़ाकू विमान को उड़ाने की मशीनी ट्रेनिंग लेंगे। पाकिस्तान और बांग्लादेश में JF-17 लड़ाकू विमान को लेकर बातचीत मोहम्मद यूनुस के कार्यकाल में शुरु हुई थी। बांग्लादेश में तारिक रहमान के नेतृत्व वाली बीएनपी सरकार आने के बाद ऐसी उम्मीद जताई जा रही थी कि भारत की चिंताओं को देखते हुए शायद यह सौदा न हो। लेकिन, बांग्लादेश की नई सरकार भी यूनुस की राह पर बढ़ती हुई नजर आ रही है। ऐसे में पूर्वी मोर्चे पर भारत की चिंता बढ़ सकती है।
JF-17 के सिम्युलेटर की डिलीवरी खास क्यों?
डिफेंस सिक्योरिटी एशिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, JF-17 के सिम्युलेटर की डिलीवरी केवल एक सामान्य उपहार के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। बल्कि, यह दोनों देशों के बीच अंतिम विमान खरीद समझौते से पहले एक महत्वपूर्ण तैयारी का कदम हो सकता है। मई 2026 में ढाका में बांग्लादेश और पाकिस्तान की वायु सेनाओं के बीच हुई पहली औपचारिक “एयर स्टाफ वार्ता” के दौरान, एक उच्च-स्तरीय पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल ने भाग लिया, जिसके बाद सिम्युलेटर का मुद्दा सामने आया। इस कदम के माध्यम से, लड़ाकू विमानों के आने से पहले ही पायलटों के कौशल और संस्थागत बुनियादी ढांचे को विकसित किया जा सकता है, जिससे भविष्य में होने वाला कोई भी लड़ाकू विमान खरीद समझौता बहुत अधिक सुचारू हो जाएगा।



