पुराने भोपाल के प्राचीन कमली मंदिर से मूर्तियां हटाए जाने पर श्रद्धालुओं में रोष


पुराने भोपाल स्थित प्राचीन कमली मंदिर में रातों-रात देवी-देवताओं की मूर्तियों को बिना सार्वजनिक सूचना के अन्य स्थान पर विस्थापित किए जाने से श्रद्धालुओं में भारी नाराजगी फैल गई। सुबह जब श्रद्धालु मंदिर पहुंचे तो उन्हें मूर्तियां अपने स्थान पर नहीं मिलीं। जानकारी लेने के प्रयास के बावजूद उन्हें तत्काल कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला।
दोपहर करीब 2:30 बजे मोहल्ले की सैकड़ों महिलाएं एवं पुरुष मंदिर परिसर में एकत्र हुए। इस दौरान महेंद्र श्री राजू महाराज से चर्चा करने पर जानकारी मिली कि मूर्तियों को अन्य स्थान पर ले जाकर उनकी स्थापना कर दी गई है।
यह जानकारी मिलने के बाद श्रद्धालु संबंधित स्थान पर पहुंचे, जहां उन्होंने देखा कि मूर्तियों की स्थापना पहले ही की जा चुकी है। बिना श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को विश्वास में लिए इस तरह मूर्तियों का विस्थापन किए जाने पर लोगों ने कड़ा विरोध जताया।
इसके बाद श्रद्धालुओं ने सभी माताजी की मूर्तियों एवं पिंडियों को स्वयं उठाकर पुनः उनके मूल स्थान, प्राचीन कमली मंदिर में स्थापित किया। मौके पर मौजूद लोगों ने ट्रस्ट समिति से मांग की कि भविष्य में इस प्रकार का कोई भी निर्णय स्थानीय श्रद्धालुओं को विश्वास में लेकर ही लिया जाए, ताकि धार्मिक भावनाओं को ठेस न पहुंचे और ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।
इस दौरान हिंदुस्तान समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी, भोपाल किराना व्यापारी महासंघ के महामंत्री विवेक साहू, मंडल अध्यक्ष आशीष सिंह ठाकुर, अवनी शर्मा महेश मालवीय रोमी साहू सहित सैकड़ो की संख्या में महिलाएं उपस्थित रही।
