नाबालिग को ब्लैकमेल कर चोरी की वारदात कराने वाले गिरोह का सागर पुलिस ने किया खुलासा

अपराधों की रोकथाम एवं त्वरित निराकरण के लिए मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सागर के थाना बीना पुलिस ने नाबालिग को ब्लैकमेल एवं जान से मारने की धमकी देकर चोरी की वारदात कराने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लगभग 250 ग्राम सोने के आभूषण, कार, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक एवं घरेलू सामान सहित लगभग 54 लाख 37 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। यह कार्यवाही पुलिस अधीक्षक सागर श्री अनुराग सुजानिया के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीना श्री जयवीर सिंह भदौरिया के नेतृत्व में थाना बीना पुलिस द्वारा की गई।
फरियादी ने थाना बीना में रिपोर्ट दर्ज की थी कि उसका परिवार नए मकान में निवास कर रहा था। उसके पुराने पैतृक मकान में नगद राशि, सोने के आभूषण एवं अन्य कीमती सामान सुरक्षित रखा गया था। दिनांक 17 जून को पुराने मकान में रखे सामान की जांच करने पर नगद राशि एवं कीमती सामान गायब मिला। फरियादी की रिपोर्ट पर चोरी का प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच प्रारंभ की। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ, संदिग्धों की तस्दीक एवं तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण सहित विभिन्न पहलुओं पर लगातार जांच की। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी द्वारा फरियादी के परिवार के नाबालिग को ब्लैकमेल किया जाता था तथा उसे जान से मारने की धमकी देकर दबाव बनाया जाता था। इसी दबाव के माध्यम से नाबालिग से चोरी की वारदात कराई गई।
पुलिस ने साक्ष्यों एवं पूछताछ के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने फरियादी परिवार से लगभग 13 लाख रुपये नगद एवं करीब 40 तोला सोने के आभूषण प्राप्त करने की जानकारी दी। आरोपी द्वारा नगद राशि का उपयोग विभिन्न वस्तुओं एवं वाहनों की खरीदारी तथा अन्य खर्चों में किया गया। साथ ही सोने के आभूषण अपने मामा को दिए जाना स्वीकार किया। थाना बीना पुलिस ने आरोपी के मामा को भी गिरफ्तार कर उसके कब्जे से सोने का हार, चैन, ब्रेसलेट, अंगूठियां, पेंडल, गिन्नी, कड़े एवं मंगलसूत्र सहित लगभग 38 लाख के आभूषण जब्त किए है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की रकम से खरीदी गई हुंडई कार, मारुति सुजुकी अर्टिगा कार, रॉयल इनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल, आईफोन सहित मोबाइल फोन, एसी, एलईडी टीवी, साउंड बॉक्स, बेड, लोहे का गेट एवं अन्य घरेलू सामान बरामद किया है। आरोपियों के सहयोगी को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा चोरी की शेष राशि एवं संपत्ति के संबंध में भी जांच एवं कार्रवाई जारी है।
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा चोरी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध संवेदनशीलता एवं सख्ती के साथ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा तकनीकी साक्ष्यों, त्वरित विवेचना एवं समन्वित प्रयासों के माध्यम से ऐसे मामलों का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जा रहा है तथा अपराध से अर्जित संपत्ति की बरामदगी सुनिश्चित की जा रही है।




