रतलाम में प्रस्तावित राष्ट्रीय अधिवेशन की तैयारियों को लेकर BAP की प्रदेश स्तरीय बैठक
भोपाल में हुई बैठक में पिछली गतिविधियों की समीक्षा, संगठन विस्तार और आगामी रणनीति पर बनी कार्ययोजना

भोपाल। भारत आदिवासी पार्टी (BAP) की प्रदेश स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक भोपाल में आयोजित हुई। बैठक में पार्टी द्वारा हाल के दिनों में किए गए सांगठनिक एवं राजनीतिक कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही आगामी कार्यक्रमों, संगठन को मजबूत करने तथा जनहित के मुद्दों को लेकर प्रभावी रणनीति और कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में रतलाम में प्रस्तावित भारत आदिवासी पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन की तैयारियों को प्रमुखता से लिया गया। अधिवेशन को सफल और ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रदेश के सभी जिलों में जिम्मेदारियां तय करने, कार्यकर्ताओं से व्यापक संपर्क करने तथा अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर सहमति बनी।
इस अवसर पर सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने कहा कि, “भारत आदिवासी पार्टी को जमीनी स्तर पर और मजबूत करना हमारी प्राथमिकता है। पिछले समय में पार्टी द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा के आधार पर आगामी रणनीति तैयार की गई है। रतलाम में प्रस्तावित राष्ट्रीय अधिवेशन संगठन की दिशा और विस्तार के लिहाज से महत्वपूर्ण होगा। इसे सफल बनाने के लिए प्रदेशभर के कार्यकर्ता पूरी ताकत और एकजुटता के साथ जुटेंगे।”
विधायक डोडियार ने यह भी कहा कि “आदिवासी समाज के अधिकारों, जल-जंगल-जमीन, शिक्षा, रोजगार, किसानों, युवाओं और महिलाओं से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाना पार्टी की प्रतिबद्धता है। संगठन को गांव, पंचायत और बूथ स्तर तक मजबूत करते हुए आम जनता की आवाज को राजनीतिक मंच पर प्रभावी तरीके से पहुंचाया जाएगा।”
बैठक में आगामी राजनीतिक एवं सांगठनिक गतिविधियों को लेकर चरणबद्ध कार्ययोजना तैयार की गई। प्रदेश के विभिन्न जिलों में जनसंपर्क, संगठन विस्तार और आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों को गति देने का निर्णय लिया गया।
पार्टी वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर संगठन को मजबूत करें और रतलाम में प्रस्तावित राष्ट्रीय अधिवेशन की तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभाएं। बैठक में प्रदेशभर से पार्टी के राष्ट्रीय सदस्य, प्रदेश कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारी और सभी जिलों के जिला अध्यक्ष उपस्थित रहे।



